बिहार: सस्पेंड ASI के घर से 1.40 करोड़ कैश, AK-47 और कारतूस बरामद, STF पर फायरिंग के बाद 5 गिरफ्तार

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क

समस्तीपुर समस्तीपुर में सस्पेंड एएसआई सरोज सिंह के घर से भारी मात्रा में गोला-बारूद मिला है। शुक्रवार की सुबह एसटीएफ की टीम और जिला पुलिस की टीम सरोज सिंह के घर रेड करने पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही सरोज की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। फिर एसटीएफ की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। छापेमारी के दौरान घर से एके-47 राइफल, इंसास राइफल, रेगुलर राइफल और दो नाली बंदूक के साथ-साथ 145 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। सरोज 2008 बीच का सिपाही है। पटना में गर्दनीबाग के झुनझुन महल स्थित सरिता वाटिका के हाउस नंबर 4 ठ में छापेमारी कर कुल 1 करोड़ 40 लाख रुपए कैश बरामद किया गया। इसी ठिकाने से कैश गिनने की मशीन मिली है। सरोज दानापुर थाना के तहत शगुना मोड़ के नया टोला में महानंद राय के घर में किराए पर रह रहा था। टीम ने यहां पर भी छापेमारी की। यहां से 11 लाख रुपए के जमीन के एग्रीमेंट के दस्तावेज मिले। टीम ने पटना में ही रूपसपुर थाना के तहत जमीन खरीद-बिक्री करने वाली कंपनी बीएल इंफ्रा ईव प्राइवेट लिमिटेड के ऑफिस में छापेमारी की। यहां से 2 करोड़ रुपए के जमीन के 40 एग्रीमेंट पेपर बरामद किए हैं। पुलिस ने सरोज सिंह समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ सभी आरोपियों को लेकर पटना आ रही है। बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, प्रिंस मुखिया और नवीन सिंह को जान से मारने की प्लानिंग थी। इसकी सूचना एसटीएफ को मिली। इसके बाद एसटीएफ की तरफ से कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान सरोज सिंह के पास से एक एके-47 और 18 गोलियां बरामद की गई। निशांत कुमार राय के पास से एक इंसास राइफल, 70 गोलियां और 4 मैगजीन मिली। गिरफ्तार परशुराम सिंह के पास से एक कार्बाइन और 12 गोलियां, मुन्ना यादव के पास से एक रेगुलर राइफल, 2 दो नाली बंदूक, 45 गोलियां और 4 खोखे बरामद किए गए। सरोज सिंह के पास से 1.10 करोड़ रुपए की जमीन से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही एक बुलेट बाइक भी बरामद हुई है। फिलहाल, सरोज के पटना स्थित ठिकाने और वैशाली जिले के महनार के अलीपुर में सरोज के ससुर अरुण कुमार सिंह के घर पर छापेमारी चल रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह छापेमारी के दौरान सरोज सिंह के समर्थकों ने फायरिंग की। इसके जवाब में एसटीएफ की ओर से भी फायरिंग की गई। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। छापेमारी में एसटीएफ टीम के साथ पटोरी के डीएसपी बीके मेधावी और बिहार पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। एएसआई सरोज की चाची मुन्नी देवी ने बताया, रात में गांव में शादी थी। वहां से आकर सो गई थी। आज पोते का बर्थ डे है। मेरी बड़ी बहू सबसे पहले सोकर उठी और गेट खोलकर देखी तो सामने पुलिस थी। थोड़ी देर बाद पुलिस घर में घुस गई। ऊपर के रास्ते सीढ़ी पर भी चढ़ी थी। पानी के टंकी से टूटा हुआ कुछ सामान मिला है। मेरे तीनों बेटे, विश्वजीत, अभिषेक और चंद्रलेश को पुलिस ने पकड़ लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button