“लखनऊ के उत्तराखंड महोत्सव-2026 में सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहने वाले बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि के लोगों का देश की सुरक्षा, सेना और संस्कृति में अहम योगदान है।“
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के लोगों को घुसपैठिया कहना छोटी सोच का प्रतीक है। उत्तराखंड के लोगों ने देश की रक्षा, संस्कृति और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सीमाओं पर तैनात उत्तराखंड के जवानों के लिए यह मायने नहीं रखता कि उनकी तैनाती उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश या राजस्थान में है। उनके लिए देश की सुरक्षा सर्वोपरि है।
मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ के पंडित गोविंद बल्लभ पंत उपवन में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव-2026 के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देवभूमि के लोगों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में उनके योगदान को नजरअंदाज करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
‘देश की रक्षा करने वालों पर उंगली उठाना दुर्भाग्यपूर्ण’
सीएम योगी ने कहा कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से गले मिलते हैं, वही देवभूमि के लोगों के प्रति जहर उगलने का काम करते हैं। उत्तराखंड के लोगों पर उंगली उठाने वाले देश की रक्षा में उनके योगदान को भूल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लगभग हर परिवार में सेना के प्रति समर्पण और देशसेवा का भाव देखने को मिलता है। वहां के नौजवान देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उनके लिए पूरा देश एक है और सीमा की रक्षा करना उनका सर्वोच्च कर्तव्य है।
बिपिन रावत, अनिल चौहान और अजित डोभाल का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड की उन प्रमुख विभूतियों का भी उल्लेख किया, जिन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत, वर्तमान CDS जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल का नाम लेते हुए देवभूमि की प्रतिभा और देश के प्रति समर्पण को रेखांकित किया।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का योगदान केवल सेना तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने देश की संस्कृति और विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
गंगा-यमुना से जुड़ा है उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का रिश्ता
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड से थे। मां गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और रामगंगा जैसी नदियों का उद्गम उत्तराखंड से जुड़ा है। ऐसे में दोनों राज्यों के बीच संबंध केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक भी हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। दोनों राज्यों के लोगों की परंपराएं, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं।
जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने से बचें
मुख्यमंत्री ने सामाजिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी ताकत है और सभी नागरिकों को एक-दूसरे की परंपराओं और पहचान का सम्मान करना चाहिए।
सीएम योगी ने उत्तराखंड के बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और कैंची धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या, काशी, मथुरा, वृंदावन, प्रयागराज, विंध्यवासिनी धाम और नैमिषारण्य भी हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत हैं।
78 वर्षों से लखनऊ में संस्कृति को संजो रहा उत्तराखंड महापरिषद
योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड महापरिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था पिछले 78 वर्षों से लखनऊ में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों और खानपान को संरक्षित करने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड महोत्सव में अवध और देवभूमि की संस्कृति का अनूठा संगम दिखाई देता है। ऐसे आयोजन विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे की परंपराओं को समझने और अपनाने का अवसर देते हैं।
मड़वा, झंगोरा और कुल्थ की दाल की ब्रांडिंग पर जोर
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान को नई पहचान दिलाने की जरूरत भी बताई। उन्होंने मड़वा, झंगोरा, चौलाई और कुल्थ की दाल जैसे पारंपरिक खाद्य पदार्थों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये पोषण और औषधीय गुणों से भरपूर हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के बाद अब वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन यानी एक जिला एक व्यंजन अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्थानीय व्यंजनों को पहचान दिलाना और उनके प्रचार-प्रसार के माध्यम से स्थानीय उत्पादों एवं परंपराओं को प्रोत्साहित करना है।
दो विभूतियों को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड की दो प्रमुख विभूतियों को सम्मानित किया। पद्मश्री सम्मानित वैज्ञानिक प्रोफेसर विजय प्रसाद डिमरी और लोक गायिका बीना तिवारी को ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखंड दर्पण-2026’ स्मारिका का विमोचन भी किया। उन्होंने विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी को जरूरी बताते हुए सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और विकास के साझा प्रयासों पर जोर दिया।








