
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। गौ-तस्करी के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अफसर अहमद को एसटीएफ की प्रयागराज यूनिट द्वारा गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया । आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदलकर छिपा हुआ था। जानकारी के अनुसार कौशाम्बी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र के रूपनारायणपुर सैलाबी गांव निवासी अफसर अहमद चंदौली जनपद में दर्ज गौ-तस्करी के मुकदमे में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अहमदाबाद में छिपकर रह रहा है। इसके बाद एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने अहमदाबाद पहुंचकर घेराबंदी की और उसे दबोच लिया। लंबे समय से फरार चल रहे इनामी गौतस्कर की गिरफ्तारी को एसटीएफ की बड़ी सफलता माना जा रहा है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।








