“भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे हरीश द्विवेदी का भव्य स्वागत; बोले- 2027 में फिर प्रचंड जीत हासिल करेगी भाजपा, जाति-क्षेत्र के नाम पर बांटने की साजिश से रहें सतर्क“
लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने के बाद पहली बार रविवार को लखनऊ पहुंचे हरीश द्विवेदी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर प्रदेश भाजपा मुख्यालय तक उनके स्वागत में होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगाए गए थे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं के इस स्नेह और उत्साह को देखकर हरीश द्विवेदी भावुक भी नजर आए।
राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद अपने पहले लखनऊ दौरे में द्विवेदी ने स्पष्ट कहा कि उनके लिए कार्यकर्ता हमेशा सर्वोपरि रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन के संघर्ष के हर दौर में कार्यकर्ता अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहा है और भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।
‘जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटने की कोशिश’
हरीश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को समाज को बांटने की कोशिशों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जाति, क्षेत्र, भाषा और अन्य आधारों पर समाज को विभाजित करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे प्रयासों का लोकतांत्रिक और वैचारिक तरीके से जवाब देना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया। द्विवेदी ने कहा कि भाजपा की विचारधारा और संगठनात्मक शक्ति के बल पर ऐसे सभी प्रयासों का मुकाबला किया जाएगा।
‘योगी सरकार में गुंडाराज और अराजकता पर नियंत्रण’
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति की सराहना की। उन्होंने कहा कि योगी राज में गुंडाराज और अराजकता पर नियंत्रण हुआ है।
द्विवेदी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार और सरकार की नीतियों के कारण जनता का विश्वास भाजपा के प्रति बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इसी आधार पर भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर प्रचंड विजय हासिल करेगी।
‘2047 तक विकसित भारत का संकल्प’
हरीश द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में उत्तर प्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण है और प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं को इसके लिए पूरी ताकत से काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने उन्हें हमेशा स्नेह और सहयोग दिया है। राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद भी वह कार्यकर्ताओं से उसी तरह जुड़े रहेंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक स्वागत
हरीश द्विवेदी के लखनऊ पहुंचने पर एयरपोर्ट पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इनमें मंत्री दयाशंकर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, रमेश सिंह, नीरज सिंह, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, संजय राय, उपेंद्र रावत, मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
इसके बाद प्रदेश भाजपा मुख्यालय में हरीश द्विवेदी और राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने दोनों नेताओं को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
‘भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता भी बन सकता है बड़ा नेता’
राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव ने कहा कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण के बल पर बड़ी जिम्मेदारी हासिल कर सकता है। उन्होंने हरीश द्विवेदी के संगठनात्मक सफर को इसका उदाहरण बताया।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं के लिए आगे बढ़ने के अवसर हैं। संगठन में एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी क्षमता, मेहनत और समर्पण के बल पर सर्वोच्च जिम्मेदारियों तक पहुंच सकता है।
विद्यार्थी परिषद से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
53 वर्षीय हरीश द्विवेदी का राजनीतिक और संगठनात्मक सफर विद्यार्थी परिषद से शुरू हुआ। वह 1993 से 1995 तक विद्यार्थी परिषद, बस्ती के जिला प्रमुख रहे। इसके बाद 1995 से 1998 तक एबीवीपी गोरखपुर के विभाग संगठन मंत्री की जिम्मेदारी संभाली।
वर्ष 2000 से 2003 तक वह प्रयागराज और सुल्तानपुर विभाग के संगठन मंत्री रहे। संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभाने के बाद 2010 से 2013 तक उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा की उत्तर प्रदेश इकाई का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।
2014 और 2019 में बस्ती से सांसद बने
हरीश द्विवेदी ने वर्ष 2014 में बस्ती लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार संसद में प्रवेश किया। इसके बाद 2019 में भी उन्होंने बस्ती से लोकसभा चुनाव जीता। संगठन और सदन दोनों में सक्रिय भूमिका के बाद उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे द्विवेदी के स्वागत में कार्यकर्ताओं का उत्साह पार्टी संगठन में उनके प्रभाव और लंबे संगठनात्मक सफर को दर्शाता रहा। अब उनकी नई जिम्मेदारी के साथ उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









