मेरठ में CM योगी ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल, गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

CM योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के दुल्हैड़ा चुंगी पर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। इससे पहले गाजियाबाद और बागपत के कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया।

मेरठ: कांवड़ यात्रा के चरम दौर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ पहुंचे। यहां उन्होंने मोदीपुरम क्षेत्र के दुल्हैड़ा चुंगी पर हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। पूरे क्षेत्र में ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के जयकारे गूंजते रहे।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांवड़ियों का अभिवादन किया और मंच से उन पर फूल बरसाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।

गाजियाबाद और बागपत के कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण

मेरठ पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजकीय विमान से हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से उन्होंने गाजियाबाद और बागपत क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया।

हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री शोभित विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पहुंचे। यहां से कार द्वारा दुल्हैड़ा चुंगी स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए।

दुल्हैड़ा चुंगी पर कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा

मुख्यमंत्री ने दुल्हैड़ा चुंगी के पास तैयार मंच से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान सड़क पर कांवड़ियों का सैलाब नजर आया। शिवभक्तों के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम के दौरान निकल रहीं झांकियों में भी धार्मिक गीतों की धूम रही। ‘जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे’ और ‘डीजे बजवा दिए योगी ने, भोले नचवा दिए योगी ने’ जैसे गीत सुनाई दिए।

मंच पर मौजूद रहे कई जनप्रतिनिधि

पुष्पवर्षा के दौरान सांसद अरुण गोविल, सांसद राजकुमार सांगवान, राज्यमंत्री दिनेश खटीक, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद और मेरठ के महापौर हरिकांत अहलूवालिया समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए थे। कांवड़ मार्ग पर पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी करती रहीं।

कांवड़ियों के उत्साह से दिखा भक्तिमय माहौल

मुख्यमंत्री के पुष्पवर्षा कार्यक्रम के दौरान कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। जैसे ही आसमान से फूल बरसे, शिवभक्तों ने जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।

मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। प्रशासन की ओर से कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button