
वाराणसी: काशी में एयर शो को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को एयर शो के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख हस्तियां नमो घाट पर हवाई करतब देखेंगी। नमो घाट के अलावा आसपास के घाटों पर भी बड़ी संख्या में लोग एयर शो देखने पहुंच रहे हैं। भोसले घाट पर भी लोगों की भीड़ नजर आई।
चार घंटे तक बंद रहा विमानों का संचालन
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर शो के चलते रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक विमानों के संचालन पर रोक निर्धारित की गई है। इस दौरान किसी भी विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं है। एयर शो के लिए 21 से 25 अक्टूबर तक नोटिस टू एयरमिशन (NOTAM) जारी किया गया है, जिससे सामान्य उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा है।

नमो घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। गंगा में पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस के गोताखोर तैनात रहेंगे। इसके अलावा सेना के हेलीकॉप्टर से भी निगरानी की जाएगी। जल, थल और नभ से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
सुबह 10:10 बजे काशी पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से सुबह 10:10 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद सुबह 10:26 बजे हेलीकॉप्टर से मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां के लिए रवाना हुए।
खोचवां पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। प्रधानमंत्री यहां अरविंद टेक्सटाइल का लोकार्पण करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
एयर शो देखने के लिए घाटों पर उमड़ी भीड़
वाराणसी में एयर शो को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह बना हुआ है। नमो घाट और आसपास के गंगा घाटों पर लोग हवाई करतब देखने के लिए पहुंच रहे हैं। एयर शो के अंतिम दिन प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख नेताओं की मौजूदगी के मद्देनजर प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है।









