शाहजहांपुर में शहीदों की प्रतिमाओं पर बुलडोजर, अखिलेश यादव ने साधा निशाना

शाहजहांपुर में काकोरी कांड के शहीदों की प्रतिमाएं बुलडोजर से गिराने पर विवाद, Akhilesh Yadav ने सरकार पर साधा निशाना।

लखनऊ। काकोरी ट्रेन एक्शन के बलिदानियों की प्रतिमाओं को बुलडोजर से गिराए जाने का मामला गरमा गया है। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरकार पर निशाना साधा है।

बताया जा रहा है कि शाहजहांपुर के टाउनहाल क्षेत्र में सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान नगर निगम प्रशासन ने काकोरी कांड के वीर क्रांतिकारियों राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह की प्रतिमाएं हटाने के निर्देश दिए थे। हालांकि, आरोप है कि कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने प्रतिमाओं को सावधानीपूर्वक हटाने के बजाय बुलडोजर से गिरा दिया, जिससे वे क्षतिग्रस्त हो गईं।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि “अंग्रेजों की मुखबिरी करने वाले शहादत का मोल क्या जानें।” उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण के नाम पर शहीदों के सम्मान को ठेस पहुंचाना एक “बीमार मानसिकता” को दर्शाता है।

उन्होंने आगे कहा कि किसी भी प्रकार का सौंदर्यीकरण शहीदों के मान-सम्मान से बड़ा नहीं हो सकता और इस तरह की कार्रवाई पूरी तरह निंदनीय है।

गौरतलब है कि यह प्रतिमाएं काकोरी कांड के अमर बलिदानियों की स्मृति में स्थापित की गई थीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button