यूपी दारोगा भर्ती परीक्षा 2026: कड़ी सुरक्षा के बीच 1090 सेंटरों पर एग्जाम, बायोमीट्रिक से एंट्री

UP SI Exam 2026: उत्तर प्रदेश में सब इंस्पेक्टर भर्ती की लिखित परीक्षा 1090 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हो रही है। करीब 15 लाख 75 हजार 760 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं, जबकि 17 जिलों से 88 हजार परीक्षार्थी लखनऊ पहुंचे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और परिवहन के विशेष इंतजाम किए हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर (दारोगा) पदों पर भर्ती के लिए शनिवार से लिखित परीक्षा शुरू हो गई है। प्रदेशभर में यह परीक्षा 1090 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है। इस भर्ती परीक्षा में करीब 15 लाख 75 हजार 760 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

राजधानी लखनऊ में भी परीक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां 17 जिलों से करीब 88 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले बायोमीट्रिक सत्यापन और सघन सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ रहा है।

अतिरिक्त बसों का संचालन

परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था मजबूत की है। संबंधित जिलों से अभ्यर्थियों को राजधानी तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए अतिरिक्त बसों के संचालन का निर्देश दिया गया है। प्रमुख बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और परीक्षा केंद्रों को जोड़ने वाले मार्गों पर विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है।

जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

प्रदेश के विभिन्न जिलों में परीक्षा केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है।

  • बरेली में 19 केंद्रों पर परीक्षा हो रही है, जहां करीब 32,640 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
  • शाहजहांपुर में 13 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई है, जहां हर पाली में 4560 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं।
  • मुरादाबाद में 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पहले दिन 22,560 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
  • मुजफ्फरनगर में 17 केंद्रों पर लगभग 30 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
  • संभल में 10 केंद्रों पर करीब 13,440 परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई है।

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, मेटल डिटेक्टर से जांच और सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है ताकि परीक्षा नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

इन जिलों से लखनऊ पहुंचे परीक्षार्थी

लखनऊ में आयोजित परीक्षा के लिए अंबेडकर नगर, औरैया, अयोध्या, बाराबंकी, इटावा, हरदोई, जौनपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, सीतापुर, सुल्तानपुर, उन्नाव और वाराणसी सहित कुल 17 जिलों से अभ्यर्थी पहुंचे हैं।

प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा और परिवहन को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button