
UP Voter List 2026: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SSR-2027) के तहत नए आंकड़े जारी कर दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता दर्ज हैं। 10 अप्रैल 2026 को जारी पिछली अंतिम मतदाता सूची की तुलना में यह संख्या 18 लाख 84 हजार 113 ज्यादा है। यानी करीब सात महीने सात दिन में प्रदेश की मतदाता संख्या में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
यूपी वोटर लिस्ट में पुरुषों से ज्यादा बढ़ीं महिला मतदाताओं की संख्या
नई मतदाता सूची के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष मतदाता हैं। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 दर्ज की गई है। इसके अलावा 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता भी सूची में शामिल हैं। खास बात यह है कि पिछली सूची के मुकाबले पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा इजाफा हुआ है।
18 से 19 साल के नए मतदाताओं का आंकड़ा घटा
युवा मतदाताओं की बात करें तो 18 से 19 वर्ष की उम्र के कुल 11 लाख 83 हजार 352 मतदाता दर्ज किए गए हैं। वहीं मतदाता सूची का जेंडर रेशियो 840 और ईपी रेशियो 55.95 है। इससे पहले अप्रैल में जेंडर रेशियो 834 और ईपी रेशियो 55.17 था। यानी इन दोनों आंकड़ों में सुधार हुआ है। हालांकि, 18 से 19 साल के मतदाताओं की संख्या में 5 लाख 80 हजार 8 की कमी दर्ज की गई है।
10 अप्रैल की वोटर लिस्ट से कितना बदला आंकड़ा?
10 अप्रैल 2026 को जारी अंतिम मतदाता सूची में यूपी में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे। इनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष, 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिला और 4,206 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल थे। अब नई सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 लाख 87 हजार 449 और महिलाओं की संख्या 10 लाख 96 हजार 828 बढ़ गई है। वहीं, तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी आई है।
यूपी वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का 16 दिसंबर तक मौका
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और गलत जानकारी ठीक कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। नए मतदाता फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में बदलाव के लिए फॉर्म-8 भर सकते हैं।
नवंबर में इन तारीखों पर लगेंगे विशेष अभियान शिविर
निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची को ज्यादा सटीक बनाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इन दिनों पात्र नागरिक अपने बूथ पर जाकर मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और जरूरी आवेदन कर सकते हैं। आयोग का खास फोकस युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही सूची की गलतियों को सुधारने पर है।









