बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष का नाम तय! पार्टी जल्द कर सकती है बड़ा ऐलान

UP BJP President: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने की प्रक्रिया तेज हो गई है और पार्टी नेतृत्व के भीतर संभावित विकल्पों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा इस बार भी ‘पुराने चेहरे’ पर दांव खेल सकती है, हालांकि किसी नए या अप्रत्याशित नाम की संभावना को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता है।        

क्या फाइनल हो गया यूपी बीजेपी अध्यक्ष का नाम? 
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, तीन दिसंबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन मंत्री बीएल संतोष के साथ प्रधानमंत्री आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक की थी। माना जा रहा है कि इस बैठक में उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के नाम पर आखिरी फैसला हो चुका है। इससे पहले बीएल संतोष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और केशव प्रसाद मौर्य सहित कई शीर्ष नेताओं से बातचीत की थी। 

कई तरह की अटकलें पार्टी के भीतर चल रही
पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि पिछले दो विधानसभा चुनावों से ठीक पहले केशव प्रसाद मौर्य (2017) और स्वतंत्र देव सिंह (2022) को प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। दोनों ओबीसी समुदाय से आते हैं। दोनों ही मौकों पर भाजपा को भारी सफलता मिली थी। पदाधिकारी ने बताया, ‘ पार्टी की राज्य इकाई में ओबीसी नेतृत्व की जरूरत तब और उभरी जब 2016 में केशव प्रसाद मौर्य को अध्यक्ष बनाया गया। 2017 के चुनावों में भाजपा ने रिकॉर्ड 312 सीटें जीतकर मौर्य को पार्टी का प्रमुख ओबीसी चेहरा स्थापित कर दिया। इसकी वजह से गैर-यादव ओबीसी, विशेषकर कुर्मी समुदाय, लंबे समय तक भाजपा के साथ मजबूती से जुड़ा रहा।’ पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, संभावित नामों में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह और केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा शामिल हैं, जिन्होंने ओबीसी नेतृत्व के तौर पर अपनी पहचान स्थापित की है। साथ ही यह भी चर्चा है कि पार्टी ऊपर के किसी ‘सवर्ण चेहरे’ को भी पूरी तरह नज़रअंदाज़ नहीं कर रही।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button