
पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यक समुदायों की लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अपहरण, जबरन धर्म परिवर्तन और शादी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। एक मानवाधिकार संगठन की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 के शुरुआती 10 महीनों में ऐसी 84 घटनाएं दर्ज की गईं। हैरानी की बात यह है कि इन मामलों में हिंदू लड़कियों के मुकाबले ईसाई समुदाय की पीड़ितों की संख्या ज्यादा है।
49 ईसाई और 35 हिंदू लड़कियां हुईं शिकार
अल्पसंख्यक अधिकार संगठन ‘वॉइस ऑफ पाकिस्तान माइनॉरिटी’ (VOPM) की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन के 84 मामले सामने आए। इनमें 49 ईसाई और 35 हिंदू लड़कियां और महिलाएं शामिल हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि कुल पीड़ितों में 43 नाबालिग थीं। इनमें छह लड़कियों की उम्र 14 साल से भी कम थी। इन घटनाओं ने पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा और महिलाओं के अधिकारों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पंजाब प्रांत में सबसे ज्यादा मामले
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के अलग-अलग प्रांतों में ऐसी घटनाएं दर्ज की गईं। पंजाब प्रांत में सबसे ज्यादा 47 मामले सामने आए, जिनमें अकेले लाहौर में 18 घटनाएं दर्ज की गईं। वहीं, सिंध प्रांत में 36 और बलूचिस्तान में एक मामला सामने आया।
संगठन का कहना है कि ये आंकड़े अल्पसंख्यक समुदायों की लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति की ओर इशारा करते हैं।
पांच साल में 515 मामले दर्ज होने का दावा
रिपोर्ट के अनुसार, साल 2021 से 2025 के बीच पाकिस्तान में अल्पसंख्यक लड़कियों और महिलाओं के अपहरण तथा जबरन धर्म परिवर्तन के 515 मामले दर्ज किए गए।
हालांकि, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का मानना है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है। इसकी वजह यह है कि कई परिवार डर और असुरक्षा के चलते पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से बचते हैं। संगठन ने पुलिस और अदालतों की धीमी कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवारों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
परिवारों को बेटियों की वापसी की चिंता
संगठन ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि इन आंकड़ों के पीछे कई ऐसे परिवार हैं, जिनकी बेटियां अचानक लापता हो जाती हैं। परिवार अपनी बच्चियों को खोजने के लिए परेशान रहते हैं, लेकिन उन्हें सरकारी व्यवस्था से पर्याप्त मदद नहीं मिल पाती।
रिपोर्ट के मुताबिक, कई परिवारों को बदले की कार्रवाई का डर रहता है। उन्हें आशंका होती है कि शिकायत करने पर उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। इसी वजह से अनेक घटनाएं सामने नहीं आ पातीं।
जबरन धर्म परिवर्तन और शादी रोकने के लिए कानून की मांग
संगठन का कहना है कि किसी लड़की को अगवा करने के बाद उसका धर्म परिवर्तन कराकर शादी करा देना उसके अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। खासकर नाबालिग बच्चियां शादी या धर्म परिवर्तन के लिए स्वतंत्र और वैध सहमति देने की स्थिति में नहीं होतीं।
VOPM ने पाकिस्तान सरकार से मांग की है कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष और तेजी से जांच कराई जाए, दोषियों को सजा मिले और जबरन धर्म परिवर्तन तथा बाल विवाह रोकने के लिए प्रभावी कानून बनाया जाए।
संगठन ने सरकार से यह भी सवाल किया है कि आखिर अल्पसंख्यक परिवारों की बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे। उसका कहना है कि जब तक इन परिवारों को सुरक्षा का भरोसा नहीं मिलेगा, तब तक देश में सभी समुदायों के लिए समान सुरक्षा का दावा अधूरा रहेगा।









