ट्विंकल ने अक्षय कुमार की लगाई क्लास, भजन और गायकी पर ली चुटकी

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना की नोकझोंक एक बार फिर चर्चा में है। इस बार ट्विंकल ने फोन पर ही अक्षय की जमकर खिंचाई कर दी। उन्होंने अभिनेता की सुबह 6 बजे भजन बजाने की आदत, तेज आवाज में गाने और बाथरूम का दरवाजा खुला छोड़ने को लेकर मजेदार अंदाज में शिकायत की। उनकी बातें सुनकर करण जौहर और रवि किशन भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

सुबह 6 बजे भजन बजाकर ट्विंकल को जगाते हैं अक्षय

दरअसल, अक्षय कुमार हाल ही में रवि किशन के साथ करण जौहर के चैट शो में पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने अचानक अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना को फोन लगा दिया और स्पीकर पर बातचीत शुरू कर दी।

फोन उठाते ही ट्विंकल ने अक्षय से उनकी आदतों को लेकर शिकायत शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि पिछली रात उनकी नींद पूरी नहीं हुई थी, लेकिन सुबह अक्षय ने तेज आवाज में भजन बजाकर उन्हें जगा दिया।

ट्विंकल ने मजाक में पूछा कि सुबह छह बजे आखिर कौन भजन बजाता है? उन्होंने अक्षय की गायकी पर भी तंज कसते हुए कहा कि वह खुद को अनूप जलोटा समझते हैं क्या? इसके साथ ही उन्होंने अभिनेता को बाथरूम का दरवाजा ठीक से बंद रखने की हिदायत भी दी।

शो में मुफ्त आने पर भी अक्षय की खिंचाई

फोन पर बातचीत के दौरान ट्विंकल ने अक्षय से पूछा कि वह कहां हैं। अभिनेता ने बताया कि वह करण जौहर के शो की शूटिंग कर रहे हैं। इस पर ट्विंकल ने बताया कि कुछ समय पहले करण ने उन्हें भी शो के रैपिड फायर राउंड को जज करने के लिए बुलाया था।

जब उन्हें पता चला कि अक्षय बिना फीस लिए शो में शामिल हुए हैं, तो उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता था कि अक्षय यहां मुफ्त में काम कर रहे हैं। ट्विंकल की इस बात पर करण जौहर ने भी मजाक करते हुए पूछा कि क्या वह हर चीज के लिए पैसे चाहती हैं? इस बातचीत ने शो में मौजूद सभी लोगों को खूब हंसाया।

रवि किशन ने अक्षय को सिखाया वायरल हुक स्टेप

शो में अक्षय कुमार और रवि किशन की मस्ती भी देखने को मिली। बातचीत के दौरान रवि किशन ने अक्षय को अपना चर्चित हुक स्टेप सिखाया। इसमें उनका खास अंदाज वाला स्वैग वॉक शामिल था। दोनों कलाकारों ने साथ में इस स्टेप को करके खूब मनोरंजन किया।

इसके अलावा रैपिड फायर राउंड में अक्षय से पूछा गया कि वह एक साल तक शारीरिक संबंध बनाए बिना रहना पसंद करेंगे या फिर एक साल तक एक्सरसाइज किए बिना। इस पर उन्होंने मजाकिया जवाब देते हुए कहा, ‘क्या सेक्स सबसे अच्छी एक्सरसाइज नहीं है?’ उनका जवाब सुनकर शो में मौजूद लोग हंसने लगे।

कब और कहां देख सकते हैं शो?

करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ का नौवां सीजन जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रहा है। इस सीजन में कई फिल्मी सितारे अपनी निजी जिंदगी और करियर से जुड़े दिलचस्प किस्से साझा कर चुके हैं। अक्षय कुमार और रवि किशन वाला एपिसोड भी दर्शकों के लिए उपलब्ध है। इसमें दोनों की मस्ती के साथ ट्विंकल खन्ना का मजेदार फोन कॉल खास आकर्षण बना हुआ है।

Back to top button