
चॉकलेट का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि डार्क चॉकलेट केवल स्वाद ही नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद हो सकती है? इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स, पॉलीफेनोल्स और फाइबर शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं। गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी के मुताबिक, सही मात्रा में डार्क चॉकलेट का सेवन ब्लड प्रेशर से लेकर पाचन और तनाव तक में मददगार हो सकता है। आइए जानते हैं इसके चार प्रमुख फायदे।
1. ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मददगार
डार्क चॉकलेट में मौजूद कोको फ्लेवेनॉल्स शरीर में नाइट्रिक ऑक्साइड के स्तर को बढ़ाने में मदद करते हैं। इससे रक्त वाहिकाओं को आराम मिलता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर हो सकता है। डॉक्टर के अनुसार, इसके सेवन से सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर में लगभग 2 से 3 mmHg तक की कमी आ सकती है।
2. दिल और धमनियों की सेहत के लिए फायदेमंद
डार्क चॉकलेट में पाए जाने वाले फ्लेवेनॉल्स रक्त वाहिकाओं की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। इससे शरीर में खून का प्रवाह बेहतर होता है और धमनियों की सेहत को फायदा मिल सकता है। हालांकि, इसे हृदय संबंधी बीमारियों का इलाज नहीं समझना चाहिए।
3. पाचन तंत्र को रखती है बेहतर
डार्क चॉकलेट में मौजूद पॉलीफेनोल्स आंतों में पाए जाने वाले अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देने में मदद कर सकते हैं। 70 से 85 प्रतिशत कोको वाली चॉकलेट के 3 से 4 टुकड़ों में लगभग 3 ग्राम फाइबर मिल सकता है। यह फाइबर पाचन क्रिया को नियमित रखने और गट हेल्थ को बेहतर बनाने में सहायक होता है।
4. तनाव कम करने में कर सकती है मदद
डार्क चॉकलेट का सेवन मूड बेहतर बनाने में भी मदद कर सकता है। डॉक्टर के अनुसार, इसमें मौजूद तत्व तनाव से जुड़े हार्मोन कोर्टिसोल के स्तर को प्रभावित कर सकते हैं। एक अध्ययन का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि लगातार तीन सप्ताह तक 85 प्रतिशत कोको वाली डार्क चॉकलेट खाने से तनाव में कमी देखी गई।
डाइट में कैसे शामिल करें डार्क चॉकलेट?
डार्क चॉकलेट का पूरा फायदा लेने के लिए सही किस्म और मात्रा का चुनाव करना जरूरी है।
- ऐसी चॉकलेट चुनें जिसमें 70 प्रतिशत या उससे अधिक कोको हो।
- रोजाना 1 से 2 छोटे टुकड़ों का सेवन कर सकते हैं।
- इसे बेरीज और नट्स के साथ खा सकते हैं।
- ओटमील, दही और स्मूदी में मिलाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
- चॉकलेट खरीदते समय लेड और कैडमियम जैसे हानिकारक तत्वों की मौजूदगी को लेकर सावधानी बरतें।
इन बातों का भी रखें ध्यान
डार्क चॉकलेट फायदेमंद हो सकती है, लेकिन इसमें कैलोरी और फैट भी मौजूद होते हैं। इसलिए इसका अधिक सेवन करने से बचना चाहिए। डायबिटीज या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अपनी डाइट में इसे शामिल करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेनी चाहिए। सही मात्रा और अच्छी गुणवत्ता वाली डार्क चॉकलेट को संतुलित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है।








