डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान में नर्सिंग विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

वाद-विवाद, रील मेकिंग और पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता और तार्किक क्षमता, परिणाम आज होंगे घोषित

डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस वीक 2026 के तहत वाद-विवाद, रील मेकिंग और पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नर्सिंग, तकनीक और अंगदान जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

लखनऊ। डॉ . राम मनोहर लोहिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस वीक सेलिब्रेशन-2026 के अंतर्गत सोमवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता, तार्किक क्षमता तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के तहत वाद-विवाद प्रतियोगिता, रील मेकिंग प्रतियोगिता और पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गईं। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह और अनुशासन देखने लायक रहा।


वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय “नर्सिंग में प्रौद्योगिकी: रोगी देखभाल के लिए वरदान या अभिशाप?” रखा गया। प्रतियोगिता में आठ प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने विचार तार्किक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण ‘रिबटल राउंड’ रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के तर्कों का जवाब देते हुए अपनी बात को और मजबूती से रखा। निर्णायक मंडल में माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. मनोदीप और मुख्य सूचना अधिकारी (सीएनओ) श्रीमती सुमन सिंह मौजूद रहीं।


रील मेकिंग प्रतियोगिता का विषय “एक दाता, अनेक जीवन: अंगदान की शक्ति” रखा गया। इसमें सात टीमों के 26 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अंगदान के महत्व और जागरूकता को लेकर रचनात्मक व प्रेरणादायक रील्स प्रस्तुत कीं। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामाजिक संदेशों को आधुनिक डिजिटल माध्यमों के जरिए प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पीआरओ श्रीमती मीना जोहरी और कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की प्रोफेसर डॉ. विनीता शुक्ला शामिल रहीं।


पोस्टर प्रतियोगिता में 12 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य जागरूकता, नर्सिंग सेवाओं और सामाजिक स्वास्थ्य विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर तैयार किए। पोस्टर प्रतियोगिता की निर्णायक मंडल में फोरेंसिक मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. ऋचा चौधरी और एनएस अस्पताल ब्लॉक की श्रीमती कामिनी कपूर मौजूद रहीं।

कार्यक्रम का समग्र समन्वयन डॉ. डी.के. श्रीवास्तव तथा उप प्रधानाध्यापक प्रोफेसर निपिन काल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिताओं के परिणाम 12 मई को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस डे समारोह में घोषित किए जाएंगे।
कॉलेज प्रशासन ने कार्यक्रम की सफलता में संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button