
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश रिहान को गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रिहान पर एक युवती को चाकू मारकर मोबाइल लूटने समेत आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
लंबे समय से पुलिस को थी आरोपी की तलाश
पुलिस के मुताबिक, रिहान सिविल लाइंस थाने का वांछित अपराधी था। काफी समय से उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन गिरफ्तारी नहीं होने पर उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी पर जिगर कॉलोनी में युवती तुषा पर चाकू से हमला कर मोबाइल लूटने का मामला दर्ज है। इसके अलावा मऊ इलाके में दिवाली की रात चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। सीसीटीवी फुटेज में भी वह कथित तौर पर दिखाई दिया था।
कांठ रोड पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस को 22 नवंबर की रात सूचना मिली थी कि रिहान कांठ रोड पर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसके बाद सिविल लाइंस थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग शुरू की।
इस दौरान बाइक सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने ओवरब्रिज के पास उसकी घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
चोरी की बाइक और तमंचा बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की मोटरसाइकिल, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, रिहान के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले भी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने के साथ मुठभेड़ के संबंध में भी कानूनी कार्रवाई कर रही है।









