
साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री साई पल्लवी इन दिनों अपनी फिल्म ‘रामायण’ में माता सीता का किरदार निभाने को लेकर सुर्खियों में हैं। अपनी सादगी और शानदार अभिनय के लिए पहचानी जाने वाली साई पल्लवी की निजी जिंदगी से जुड़ी एक खास बात भी अक्सर लोगों का ध्यान खींचती है। दरअसल, अभिनेत्री को कई बार कलाई पर रुद्राक्ष की माला पहने देखा गया है। अब उन्होंने खुद इसके पीछे की कहानी बताई है, जो उनके परिवार, मेडिकल की पढ़ाई और दादाजी की यादों से जुड़ी हुई है।
कजिन से मिली थी रुद्राक्ष की माला
साई पल्लवी ने बताया कि यह रुद्राक्ष की माला उन्हें उनके कजिन के जरिए मिली थी। उनका कजिन तमिलनाडु के त्रिची स्थित श्रीरंगम के प्रसिद्ध श्री रंगनाथस्वामी मंदिर से इसे लेकर आया था। बाद में उनके दादाजी ने यह माला कजिन से लेकर साई पल्लवी को दे दी। इसके बाद से यह माला धीरे-धीरे अभिनेत्री की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गई।
मेडिकल की परीक्षा से जुड़ी है खास याद
अभिनेत्री ने बताया कि मेडिकल की पढ़ाई के दौरान वह परीक्षा से एक रात पहले इस रुद्राक्ष को हाथ में लेकर भगवान से प्रार्थना किया करती थीं। उन्हें लगता था कि इस माला ने मुश्किल समय में उनका हौसला बढ़ाया और पढ़ाई के दौरान उनका साथ दिया। शुरुआत में यह केवल परीक्षा के समय की एक आदत थी, लेकिन धीरे-धीरे यह उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई। अब वह शूटिंग पर जाते समय भी इसे अपनी कलाई पर पहनकर रखती हैं।
आध्यात्मिक विचारों वाला है साई पल्लवी का परिवार
साई पल्लवी ने बताया कि उनका परिवार शुरू से ही धार्मिक और आध्यात्मिक विचारों से जुड़ा रहा है। उनके दादा-दादी बच्चों को देवी-देवताओं का स्वरूप मानते थे और घर में पूजा-पाठ का माहौल रहता था। यही वजह है कि अभिनेत्री के जीवन में आस्था का खास महत्व है।
माता सीता का किरदार निभाने से पहले भी की थी प्रार्थना
फिल्म ‘रामायण’ में माता सीता की भूमिका निभाने से पहले भी साई पल्लवी ने भगवान से प्रार्थना की थी। उन्होंने इच्छा जताई थी कि माता सीता उनके माध्यम से इस किरदार को जीवंत करें। अभिनेत्री इस भूमिका को अपने लिए आशीर्वाद मानती हैं। यही वजह है कि उनके लिए रुद्राक्ष की माला सिर्फ एक आभूषण नहीं, बल्कि आस्था और परिवार की यादों से जुड़ी खास निशानी है।
‘रामायण’ के बाद नई फिल्म में दिख रहा है अलग अंदाज
साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ के अलावा ‘OM: ऑपरेशन मोल’ भी चर्चा में है। इस फिल्म में वह धनुष और ममूटी के साथ नजर आ रही हैं। फिल्म में अभिनेत्री एक IPS अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं। इस किरदार के लिए उन्होंने अपने लुक और अंदाज में भी बदलाव किए हैं।








