लखनऊ में आईएमए के वार्षिक समारोह में 90 डॉक्टर सम्मानित, डिप्टी सीएम केशव मौर्य रहे मुख्य अतिथि

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चिकित्सक समाज के स्वास्थ्य और जीवन की रक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं। उनकी सेवा भावना, समर्पण और विशेषज्ञता स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का आधार है। चिकित्सा सेवा केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवता की सेवा का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ के रिवर बैंक कॉलोनी स्थित आईएमए भवन में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), लखनऊ शाखा के वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में लखनऊ उत्तर के विधायक और आईएमए लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नीरज बोरा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बीमारियों की समय पर पहचान, जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने में चिकित्सकों की अहम भूमिका है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की जरूरत पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि आईएमए जैसे संगठन चिकित्सा शिक्षा, नई उपचार पद्धतियों की जानकारी और चिकित्सकों के बीच समन्वय बढ़ाने के साथ सामाजिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने सम्मानित चिकित्सकों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी सेवा और जनकल्याण के कार्यों में योगदान देते रहेंगे।

90 चिकित्सकों को मिला सम्मान

समारोह में चिकित्सा सेवा, सामाजिक कार्यों और संगठन के प्रति योगदान के लिए करीब 90 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इनमें आठ चिकित्सकों को अलग-अलग श्रेणियों में विशेष पुरस्कार दिए गए।

आईएमए लखनऊ की मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने संगठन की सालभर की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईएमए ने चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, सामुदायिक सेवा और चिकित्सकों के कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया।

स्वास्थ्य शिविरों और सीपीआर प्रशिक्षण पर रहा जोर

डॉ. श्वेता श्रीवास्तव के मुताबिक, चिकित्सकों के ज्ञान और कौशल को बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, विशेषज्ञ व्याख्यान और कार्यशालाएं आयोजित की गईं। वहीं, ग्रामीण स्वास्थ्य शिविरों, कैंसर जागरूकता कार्यक्रमों, सीपीआर प्रशिक्षण, रक्तदान और अन्य सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई।

चिकित्सकों की सक्रिय जीवनशैली और आपसी मेलजोल को बढ़ावा देने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आईएमए भवन में जिम्नेजियम की स्थापना भी की गई। चिकित्सकों की समस्याओं को संबंधित मंचों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के प्रयास किए गए।

इन चिकित्सकों को मिले विशेष पुरस्कार

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए निम्नलिखित चिकित्सकों को सम्मानित किया गया:

  • डॉ. अर्चिका गुप्ता: डॉ. मनोरमा अग्रवाल डायमंड जुबली सिल्वर मेडल
  • डॉ. नीरज टंडन: कैंसर के क्षेत्र में कार्य के लिए श्री हुकुम चंद जैन मेमोरियल अवॉर्ड
  • डॉ. राकेश श्रीवास्तव: प्रबोध कुमार मजूमदार मेमोरियल बेस्ट जनरल मेडिकल प्रैक्टिशनर अवॉर्ड
  • डॉ. संजय श्रीवास्तव: डॉ. एच. एन. शिवपुरी अवॉर्ड
  • डॉ. सीमा मेहरोत्रा: आउटस्टैंडिंग मेरिटोरियस सर्विस अवॉर्ड
  • डॉ. शिप्रा नाथ: बेस्ट आईएमए मेंबर ऑफ द ईयर अवॉर्ड
  • डॉ. सुधा सिंह: पैथोलॉजिस्ट ऑफ द ईयर अवॉर्ड
  • डॉ. वंदना सोलंकी: बेस्ट रिसर्च वर्कर्स ऑफ द ईयर अवॉर्ड

डॉ. नीरज बोरा ने आईएमए की गतिविधियों की सराहना की

विशिष्ट अतिथि डॉ. नीरज बोरा ने आईएमए लखनऊ की शैक्षणिक, सामाजिक और चिकित्सक कल्याण से जुड़ी गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की एकजुटता, लगातार सीखने की भावना और समाज के प्रति संवेदनशीलता संगठन की प्रमुख ताकत है। उन्होंने आईएमए अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना, मानद सचिव डॉ. श्वेता श्रीवास्तव और उनकी टीम को बधाई दी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

पुरस्कार वितरण के बाद गीत-संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। डांडिया और गरबा कार्यक्रम में चिकित्सकों और उनके परिजनों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

आईएमए लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने कहा कि वार्षिक समारोह चिकित्सक परिवार के बीच आपसी संबंध मजबूत करने और संगठन में एकजुटता बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने मुख्य अतिथि केशव प्रसाद मौर्य, विशिष्ट अतिथि डॉ. नीरज बोरा और कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं उनके परिजनों का आभार जताया।

Back to top button