मनरेगा कार्यों की निगरानी के लिए एरिया ऑफिसर ऐप बना क्रांतिकारी पहल, उत्तर प्रदेश देश में सबसे आगे

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : मनरेगा के तहत संचालित कार्यों की सटीक निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एरिया ऑफिसर ऐप का उपयोग किया जा रहा है। इस ऐप के माध्यम से अधिकारी निरीक्षण के दौरान मनरेगा के प्रगतिशील कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता पर कार्यस्थल की तस्वीरें ससमय अपलोड कर रहे हैं। सरकार ने इस अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत शुरू किया है, जिससे कार्यों की प्रभावी निगरानी हो सके।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास में आगे बढ़ रहा है और एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से निरीक्षण प्रक्रिया को मजबूत कर देश के अन्य राज्यों के लिए आदर्श मॉडल बन चुका है।

उत्तर प्रदेश ने हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि

कार्यक्रम अधिकारियों की मेहनत से मनरेगा योजना के तहत कार्यों की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। एरिया ऑफिसर 2.0 रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश निगरानी में देश में सबसे आगे है और उसने तय लक्ष्य से अधिक निरीक्षण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक तय लक्ष्य 1,49,220 को पार करते हुए 1,85,622 निरीक्षण पूरे किए जा चुके हैं20 मार्च 2025 तक शीर्ष 5 राज्यों में किए गए निरीक्षणों की संख्या इस प्रकार है:

  • उत्तर प्रदेश – 1,85,622
  • झारखंड – 1,35,422
  • आंध्र प्रदेश – 1,26,063
  • बिहार – 98,593
  • तेलंगाना – 97,544

मनरेगा कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष फोकस

ग्राम्य विकास विभाग द्वारा सघन अनुश्रवण और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एरिया ऑफिसर ऐप का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा रहा है। जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और कार्यक्रम अधिकारी कार्यस्थलों का दौरा कर कार्यों की गुणवत्ता की जांच कर रहे हैं और उसकी तस्वीरें ऐप पर अपलोड कर रहे हैं।

एरिया ऑफिसर ऐप के उपयोग से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी योजनाएं समय पर और तय मानकों के अनुरूप पूरी हों। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ रही है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन भी सुचारु रूप से हो रहा है

मनरेगा के तहत विभिन्न विकास कार्यों की निगरानी

मनरेगा योजना के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • तालाब निर्माण
  • खेल मैदान
  • ओपन जिम
  • आंगनवाड़ी केंद्र
  • अन्नपूर्णा भवन आदि

इन कार्यों की नियमित निगरानी के लिए एरिया ऑफिसर ऐप क्रांतिकारी पहल साबित हो रहा है।

सभी कार्य समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ हों – आयुक्त ग्राम्य विकास

आयुक्त, ग्राम्य विकास जीएस प्रियदर्शी ने बताया कि मनरेगा के तहत सभी कार्य तय समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे हों, इसके लिए जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और खंड विकास अधिकारी नियमित रूप से कार्यस्थलों का दौरा कर योजनाओं की प्रगति का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निरीक्षण के जरिए विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करें और कार्यों को तय समय में पूरा करने के लिए निगरानी बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button