अवैध कब्जे हटेंगे, मनरेगा मजदूरी 10 दिन में मिलेगी

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : तहसील सभागार संडीला में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह व पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि अविवादित वरासत के मामलों को प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाए, साथ ही चकरोड व अन्य सार्वजनिक मार्गों से अवैध कब्जों को तुरंत हटाया जाए। पैमाइश से जुड़े प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और म्यूटेशन वादों को मनमाने ढंग से खारिज न किया जाए।

सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कृषि भूमि विवाद की स्थिति में राजस्व व पुलिस टीम को संयुक्त रूप से मौके पर जाने का आदेश दिया गया। आय प्रमाण पत्र जारी करने से पहले गहन सत्यापन करने की हिदायत दी गई।

फत्तेपुर ग्राम में गलत आय प्रमाण पत्र जारी करने पर लेखपाल राहुल रस्तोगी को निलंबित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, झरोइया ग्राम में गलत अंश निर्धारण को लेकर कानूनगो व लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश दिया गया।

मनरेगा मजदूरी न मिलने की शिकायत पर भी जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। सिकरोरी ग्राम के नटपुरवा मजरे की रन्नो ने एक वर्ष से अधिक समय से मजदूरी न मिलने की शिकायत की, जिस पर उपायुक्त मनरेगा व बीडीओ को 10 दिन में भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने कहा कि गाँव में किसी भी विवाद की स्थिति में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और गरीबों को न्याय दिलाने में लापरवाही न हो।

समाधान दिवस में पीडी पीपी त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी संडीला अरुणिमा श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button