भारत-नेपाल सीमा समन्वय बैठक: साझा विरासत की सुरक्षा और अपराधमुक्त सीमा का संकल्प

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क पलिया, लखीमपुर खीरी :भारत और नेपाल के बीच आपसी विश्वास और सीमाई सुरक्षा को नई मजबूती देने के लिए पलिया स्थित 39वीं बटालियन एसएसबी गदनिया में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित हुई। इसमें भारत की ओर से लखीमपुर खीरी की डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, वन विभाग और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, जबकि नेपाल की ओर से कैलाली और कंचनपुर जिलों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक की शुरुआत परिचय सत्र से हुई, जिसमें दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने सौहार्द्र और सहयोग की भावना को और प्रगाढ़ करने पर बल दिया। सीमावर्ती मुद्दों को आपसी समझदारी से सुलझाने की प्रतिबद्धता भी जताई गई।

बैठक में सीमा स्तंभों का रखरखाव, नो मैन्स लैंड पर अतिक्रमण, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी, मादक पदार्थों और मानव तस्करी, वाहन चोरी, अवैध शिकार और अवैध वनों की कटाई जैसे गंभीर मुद्दों पर गहन मंथन हुआ। अधिकारियों ने दोनों ओर की एजेंसियों के बीच त्वरित सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा,

“भारत और नेपाल के बीच सिर्फ भौगोलिक सीमाएं नहीं हैं, बल्कि सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक रिश्तों की गहरी जड़ें भी हैं। हमें अपनी इस साझा विरासत को संजोते हुए सीमाओं को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाना है।”

एसपी संकल्प शर्मा ने दोहराया कि सीमा सुरक्षा तभी प्रभावी होगी जब दोनों देशों की एजेंसियों के बीच सतत संवाद, त्वरित सूचना साझा करना और संयुक्त कार्रवाई की प्रभावी प्रणाली स्थापित होगी।

नेपाल के सीडीओ कैलाली गोगन बहादुर हमाल और सीडीओ कंचनपुर लक्ष्मण ढकल ने भी भारत-नेपाल के सदियों पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमाएं केवल भौगोलिक विभाजन नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव की रेखाएं हैं। उन्होंने सीमा क्षेत्र को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।

भविष्य की दिशा: लगातार संवाद और सहयोग

बैठक के अंत में दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने सीमाई क्षेत्रों को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए नियमित समन्वय बैठकें आयोजित करने तथा आपसी सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे:
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, डीएफओ सौरीस सहाय, सशस्त्र सीमा बल की 39वीं, 49वीं, 70वीं और 3वीं बटालियन के कमांडेंट, एडीएम संजय कुमार सिंह, एसडीएम राजीव निगम, रत्नाकर मिश्रा, सीओ महक शर्मा, यादवेंद्र कुमार, जिला आबकारी अधिकारी राजवीर सिंह, औषधि निरीक्षक, अधीक्षक सिस्टम संजय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी।

नेपाल प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे:
सीडीओ कैलाली गोगन बहादुर हमाल, सीडीओ कंचनपुर लक्ष्मण ढकल, एसीडीओ किरण जोशी, परसु राम पोखरेल, एसपी पदम बहादुर बिस्ट, चक्रराज जोशी, एसपी (एपीएफ) सुरेंद्र राज रंजीत, लोकेन्द्र देवभट्ट, मोहन बहादुर कुँवर, नरेश बहादुर बम, डीएफओ राम बिचारी ठाकुर, रामचन्द्र कैंडेल, कृष्णा भट्ट, सीनियर कंजर्वेशन ऑफिसर चन्द्रशेखर चौधरी और अन्य अधिकारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button