सी.एम.एस. छात्र दल इटली में करेगा भारत का प्रतिनिधित्व

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर प्रथम कैंपस के पांच छात्र इटली में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय “सी.आई.एस.वी. यूथ मीटिंग” में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतिष्ठित बैठक 25 जून से 9 जुलाई तक इटली के कार्तिना शहर में होगी, जिसमें विश्वभर से छात्र अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए शांति, सहयोग और वैश्विक संस्कृति के संदेश को साझा करेंगे।

सी.एम.एस. का यह छात्र दल स्कूल के हेड कम्युनिकेशन श्री ऋषि खन्ना के नेतृत्व में इटली रवाना होगा। इस दल में छात्र आयुष्मान सिंह, आर्यन सिंह, त्रिनेत्रेश सिंह एवं पी यथार्थ शामिल हैं। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती वंदना साहनी भी साथ रहेंगी। श्री खन्ना ने बताया कि यह यात्रा बच्चों के दृष्टिकोण को वैश्विक बनाएगी और उनमें संस्कृति, शांति और नेतृत्व के गुणों को विकसित करेगी।

सी.आई.एस.वी. इंटरनेशनल संस्था द्वारा आयोजित इस शांति-सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, सांस्कृतिक विविधता की समझ और वैश्विक नागरिकता का भाव पैदा करना है। इस बार की बैठक में भाग ले रहे छात्र विभिन्न देशों से संवाद कर मानवाधिकार, सतत् विकास, संस्कृति, शिक्षा और पर्यावरण जैसे मुद्दों पर विचार साझा करेंगे।

श्री ऋषि खन्ना ने कहा कि सी.एम.एस. छात्रों को वैश्विक सोच के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित करता है। यह सम्मेलन भारत के भावी नेताओं को विश्व मंच पर अपनी भूमिका निभाने और आपसी संवाद के ज़रिए वैश्विक समस्याओं का समाधान खोजने में मदद करेगा।

यह उपलब्धि सी.एम.एस. की ‘जय जगत’ की विचारधारा और विश्व एकता के लिए किए जा रहे प्रयासों का प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button