Lucknow Air Pollution: लालबाग में AQI 360 और तालकटोरा में 320 पहुंचा। बढ़ते प्रदूषण के बीच स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में वायु प्रदूषण (Air Pollution) की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। शहर के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, लालबाग में AQI 360 दर्ज किया गया, जबकि तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया में यह 320 तक पहुंच गया। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
प्रदूषण के मामले में लालबाग शहर का सबसे प्रभावित इलाका दर्ज किया गया। यहां AQI 360 होने के कारण हवा रेड जोन में पहुंच गई है। वहीं तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया में AQI 320 रिकॉर्ड किया गया। गोमती नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय में यह आंकड़ा 292 रहा, जबकि बीबीएयू और कुकरैल पिकनिक स्पॉट पर प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक, वर्षा ऋतु समाप्त होने और सर्दी शुरू होने के बीच का समय वायु प्रदूषण के लिए अनुकूल होता है। इस दौरान वातावरण स्थिर रहने से धूल और प्रदूषण के महीन कण हवा में लंबे समय तक बने रहते हैं।
उन्होंने बताया कि तेज बारिश, हवाओं की गति और वायुमंडलीय अस्थिरता प्रदूषण कम करने में मदद करती हैं। लेकिन मौजूदा समय में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण प्रदूषण के कण वातावरण में बने हुए हैं।
बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डीजी हेल्थ पवन कुमार अरुण ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। बाहर जाना जरूरी हो तो मास्क का इस्तेमाल करें और बच्चों तथा बुजुर्गों की सेहत का विशेष ध्यान रखें।
लखनऊ के साथ-साथ बागपत, बुलंदशहर, गाजियाबाद और नोएडा जैसे एनसीआर से सटे जिलों में भी 7 से 9 नवंबर के बीच वायु गुणवत्ता रेड जोन में बनी रही। लगातार बढ़ता प्रदूषण आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बन गया है।









