
Kanpur Dog Attack: दीपावली की आतिशबाजी के बाद कानपुर में आवारा कुत्तों के हमले में 100 से अधिक लोग घायल। बच्चों और बुजुर्गों पर सबसे ज्यादा असर।
कानपुर। दीपावली के त्योहार पर आतिशबाजी का शोर शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गया। कानपुर में पटाखों की तेज आवाज से परेशान आवारा कुत्तों के आक्रामक होने और लोगों पर हमला करने की घटनाएं सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शहर के अलग-अलग इलाकों में कुत्तों के हमलों में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कई लोगों को एंटी रेबीज वैक्सीन (Anti-Rabies Vaccine) लगवाने के लिए अस्पताल पहुंचना पड़ा।
श्यामनगर से जाजमऊ तक कुत्तों का हमला
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात श्यामनगर, जाजमऊ, अहिरवां, रेलबाजार, महाराजपुर, कैंट और सनिगवां समेत कई इलाकों में जमकर आतिशबाजी हुई। पटाखों के तेज धमाकों के बीच आवारा कुत्तों के झुंड लोगों पर हमलावर हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घरों से बाहर निकलने और पटाखे जलाने के दौरान कई लोगों को कुत्तों ने दौड़ाकर काट लिया। कुछ स्थानों पर झुंड में मौजूद कुत्तों ने लोगों पर एक साथ हमला किया। इस दौरान बच्चे और बुजुर्ग भी शिकार बने।
घायलों में बच्चों की संख्या अधिक
रिपोर्ट के अनुसार, कुत्तों के हमलों में घायल लोगों में करीब 60 प्रतिशत बच्चे और 40 प्रतिशत बुजुर्ग एवं अन्य लोग शामिल हैं। ज्यादातर मामलों में कुत्तों ने लोगों के पैरों को निशाना बनाया। घटना के बाद प्रभावित लोगों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने के लिए कांशीराम अस्पताल जाना पड़ा।
नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
लगातार सामने आ रहे कुत्तों के हमलों ने नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के दौरान पटाखों के शोर से कुत्तों के आक्रामक होने की आशंका थी, इसके बावजूद प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए।
वहीं नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी आरके निरंजन ने कहा कि उन्हें दीपावली पर कुत्तों के हमलों की जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने माना कि कांशीराम अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने के लिए लोग पहुंचते हैं।
बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा बनी चिंता
दीपावली के दौरान हुई इन घटनाओं ने शहर में आवारा कुत्तों की समस्या को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। अब स्थानीय लोग प्रशासन और नगर निगम से प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।









