लखनऊ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बड़ा संदेश: “भीतर झांकने की जरूरत पहले से ज्यादा”

“राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लखनऊ पहुंचीं और ब्रह्माकुमारीज समागम में नव निर्मित राजयोग प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने भीतर झांकने की जरूरत, मूल्य-आधारित शिक्षा और वैश्विक एकता पर जोर दिया।”

लखनऊ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लखनऊ बुधवार को ब्रह्माकुमारीज समागम में शामिल होने सुल्तानपुर रोड स्थित गुलजार उपवन पहुंचीं। जहां उन्होंने नव निर्मित राजयोग प्रशिक्षण केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया। यह केंद्र ध्यान, योग और मूल्य-आधारित शिक्षा के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें एक समय में डेढ़ लाख से अधिक साधक ध्यान कर सकेंगे।

अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि “आज के समय में केवल आगे बढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने भीतर झांकने की यात्रा प्रारंभ करना आवश्यक है।” उन्होंने शांति, संतोष और सुख को बाहरी साधनों से नहीं बल्कि आंतरिक चेतना से जोड़ते हुए कहा कि मानसिक संतुलन ही जीवन को सफल बनाता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) भारत के भविष्य को मूल्य-आधारित शिक्षा की दिशा में ले जाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार नहीं बल्कि चरित्र-निर्माण और सह-अस्तित्व की भावना को बढ़ाना होना चाहिए।

G-20 की भावना: वैश्विक एकता का संदेश

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत ने G-20 के माध्यम से विश्व को “One World, One Earth, One Family” का सशक्त संदेश दिया, जिससे वैश्विक समन्वय और मानवता के लिए एक नई धारा विकसित हुई।

ब्रह्माकुमारीज की भूमिका की सराहना

हजारों साधकों की उपस्थिति में राष्ट्रपति ने ब्रह्माकुमारीज संस्था की शिक्षा, स्वास्थ्य, योग और ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व आत्मविश्वास निर्माण की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था देशभर में गांव-गांव तक प्रेम, सद्भाव और आत्म-निर्भरता का संदेश पहुंचा रही है।

कार्यक्रम में मथुरा के कलाकारों की रासलीला सहित अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को भव्य बना दिया।

प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियाँ की थीं।

लखनऊ दौरे का प्रशासनिक महत्व

राष्ट्रपति का यह दौरा सांस्कृतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टियों से अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम के बाद उन्होंने राजभवन सहित कई महत्वपूर्ण मुलाकातें भी कीं।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए” राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़” के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

संजीव श्रीवास्तव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button