
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला : नगर में मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 123 वीं जयंती भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) संगठन द्वारा सिद्धि विनायक पैलेस गोला में मनाई गई। जिसमें संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशन ने चौधरी चरण सिंह के जीवन, संघर्ष और किसान हित में किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों, मजदूरों और ग्रामीण समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। वे सादगी, ईमानदारी और सिद्धांतों की राजनीति के प्रतीक थे।
वहीं अपना दल एस के जिला महासचिव कपिल वर्मा ने कहा जब तक किसान मजबूत नहीं होगा, तब तक देश की तरक्की संभव नहीं है। चौधरी चरण सिंह ने कृषि सुधारों, भूमि सुधार कानूनों और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक कदम उठाए। उन्होंने किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया। आज भी उनके विचार और नीतियां किसानों के लिए मार्गदर्शक हैं।
इस मौके पर संगठन के जिला व तहसील स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन चौधरी चरण सिंह के आदर्शों पर चलने और किसानों के हक के लिए संघर्ष जारी रखने के संकल्प के साथ हुआ। मौके पर सिद्धि विनायक के ओनर अजय वर्मा अनुराग मिश्रा रेशम सिंह धर्मेश सक्सेना मोहम्मद उस्मान बृज बिहारी मौजूद रहे।









