“उत्तर प्रदेश दिवस-2026 (UP Diwas 2026) 24 से 26 जनवरी तक ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर मनाया जाएगा। अमित शाह लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में उद्घाटन करेंगे। ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ और शिल्प मेला सहित प्रदेश में सांस्कृतिक व विकास प्रदर्शनी होगी।“
हाइलाइट्स :
- UP Diwas 2026 की थीम: ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’
- 24 जनवरी को अमित शाह करेंगे उद्घाटन
- 24 से 26 जनवरी तक तीन दिवसीय आयोजन
- “एक जनपद-एक व्यंजन” से यूपी के स्वाद का मेला
- विदेशों में भी मनाया जाएगा यूपी दिवस
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों की समीक्षा की
- शिल्प मेला, संस्कृति उत्सव, ODOP व GI टैग उत्पादों की प्रदर्शनी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश दिवस 2026 (UP Diwas 2026) इस बार और भी भव्य, सांस्कृतिक और जनभागीदारी वाला मनाया जाएगा। 24 से 26 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले इस आयोजन की थीम ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ रखी गई है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस बार के यूपी दिवस को केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनोत्सव बनाने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां गरिमा, अनुशासन और समयबद्धता के साथ पूरी की जाएं।
उद्घाटन और मुख्य समारोह
भारत सरकार में गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 24 जनवरी को लखनऊ के नवसृजित राष्ट्र प्रेरणा स्थल प्रांगण में UP Diwas 2026 का उद्घाटन करेंगे।
मुख्य समारोह लखनऊ में आयोजित होगा और इसका सीधा प्रसारण पूरे प्रदेश के सभी जनपदों में किया जाएगा, ताकि पूरे उत्तर प्रदेश में एक साथ उत्सव मनाया जा सके। साथ ही सभी जिलों में स्थानीय स्तर पर भी सांस्कृतिक और विकास से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
विदेशों में भी मनाया जाएगा UP Diwas
उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन विदेशों में भी किया जाएगा। फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर और थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके लिए MSME और पर्यटन विभाग द्वारा सुवेनियर उपलब्ध कराए जाएंगे।
‘एक जनपद-एक व्यंजन’
इस बार UP Diwas का सबसे बड़ा आकर्षण होगा ‘एक जनपद-एक व्यंजन’। उत्तर प्रदेश के हर जिले के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजन एक ही परिसर में उपलब्ध होंगे। आगंतुक कचौड़ी-सब्जी से लेकर कबाब, मिठाइयों से लेकर देसी पकवानों तक यूपी के विविध स्वादों का आनंद ले सकेंगे।
संस्कृति उत्सव और शिल्प मेला
UP Diwas 2026 में ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर विशेष प्रदर्शनी और शिल्प मेला आयोजित होगा। इसमें प्रदेश की विकास यात्रा, इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, कृषि, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की झलक दिखाई जाएगी।
साथ ही लोक, शास्त्रीय और समकालीन कला रूपों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि संस्कृति उत्सव 2025-26 के कार्यक्रमों को UP Diwas से जोड़ा जाए और कलाकारों व दर्शकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
ODOP, GI टैग और विशेष प्रदर्शनियां
‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के अंतर्गत शिल्पकारों के उत्पादों की प्रदर्शनी और विक्रय की व्यवस्था की जाएगी। GI टैग प्राप्त ODOP उत्पादों को ट्रेड शो की तर्ज पर प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा मिशन शक्ति, नवाचार और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर विशेष प्रदर्शनियां भी लगेंगी। विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।







