वाराणसी की दालमंडी में बुलडोजर एक्शन के बीच युवक ने घर में लगाई आग, पेट्रोल छिड़ककर मचाया हड़कंप

“वाराणसी के दालमंडी इलाके में बुलडोजर कार्रवाई के दौरान बड़ा हंगामा हुआ। एक युवक ने पेट्रोल छिड़ककर अपने ही मकान में आग लगा दी। मौके पर पुलिस और आरएफ जवान तैनात हैं, स्थिति पर काबू पा लिया गया है।”

वाराणसी। दालमंडी इलाके में चल रहे चौड़ीकरण अभियान के दौरान सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने पुलिस-प्रशासन के सामने ही अपने मकान में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि युवक ने पेट्रोल छिड़ककर मकान के ऊपरी हिस्से में आग लगाई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

मामला दालमंडी इलाके का है, जहां जर्जर मकानों को गिराने की कार्रवाई चल रही थी। प्रशासन की ओर से 31 जनवरी को 23 जर्जर भवनों को नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद सोमवार से तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हुई थी।

आग लगाते ही मची अफरा-तफरी

इसी कार्रवाई के दौरान रहमत अली मंसूरी के परिवार से जुड़े एक युवक ने अचानक अपने ही मकान में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगते ही इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत हरकत में आए।

पुलिस-प्रशासन पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने का आरोप

पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह ने बताया कि युवक ने ऊपर से ज्वलनशील पदार्थ फेंका, जो पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर भी पड़ा। युवक ने आग लगाने के बाद लोगों पर भी ज्वलनशील पदार्थ फेंकने की कोशिश की।

घर के अंदर बंद युवक, पुलिस की घेराबंदी

आग लगाने के बाद युवक मकान के अंदर ही मौजूद रहा। उसे हिरासत में लेने के लिए पुलिस और आरएफ के जवान घर में दाखिल हुए। बाहर से सीढ़ी लगाकर पुलिस टीम अंदर पहुंची और युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन सुरक्षा कारणों से तोड़फोड़ की कार्रवाई रोक दी गई है।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।

दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के दौरान हुई यह घटना प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button