सी.एम.एस. कैम्ब्रिज को नेशनल साइंस रिसर्च प्रतियोगिता में ‘बेस्ट इन नार्थ रीजन’ अवार्ड

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल (सी.एम.एस.), गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस के कैम्ब्रिज सेक्शन की छह सदस्यीय छात्र टीम ने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित कैम्ब्रिज साइंस रिसर्च कम्पटीशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित ‘बेस्ट इन नार्थ रीजन’ अवार्ड हासिल किया है।

सी.एम.एस. कैम्ब्रिज टीम ने अपने रिसर्च प्रोजेक्ट ‘सॉयल अंडर स्ट्रेस: इफेक्ट ऑफ वेस्टवाटर एंड इंडस्ट्रियल कंटैमिनेशन ऑन द सॉयल ऑफ लखनऊ’ के माध्यम से लखनऊ की मिट्टी पर अपशिष्ट जल एवं औद्योगिक प्रदूषण के प्रभावों का वैज्ञानिक अध्ययन प्रस्तुत किया। छात्रों ने अपने प्रयोगों और निष्कर्षों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर निर्णायकों को प्रभावित किया।

निर्णायक मंडल में डॉ. डेविड मार्टिनडिल, विनय शर्मा (रीजनल डायरेक्टर, कैम्ब्रिज इंटरनेशनल) एवं अरुण राजामणि (मैनेजिंग डायरेक्टर, कैम्ब्रिज साउथ एशिया) शामिल थे। कैम्ब्रिज इंटरनेशनल असेसमेंट एजुकेशन, लंदन के जूरी पैनल ने स्थानीय पर्यावरणीय समस्या को वैश्विक संदर्भ में प्रस्तुत करने के लिए इस परियोजना की विशेष सराहना की।

विजेता छात्र टीम में कृतिका सिंह, अभिषेक यादव, मायरा अरोड़ा, दर्श अग्रवाल, अनुराग यादव एवं ऐशानी त्रिपाठी शामिल हैं। छात्रों ने यह शोध कार्य अपनी शिक्षिका डॉ. सबीना रियाज के मार्गदर्शन में पूर्ण किया।

सी.एम.एस. की संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी ने छात्रों को बधाई देते हुए उनकी वैज्ञानिक सोच और सामाजिक संवेदनशीलता की प्रशंसा की। वहीं, प्रबंधक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने कहा कि यह उपलब्धि सी.एम.एस. की प्रयोगात्मक एवं जिज्ञासापरक शिक्षण पद्धति की सफलता को दर्शाती है। उक्त जानकारी सी.एम.एस. के संचार प्रमुख ऋषि खन्ना ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button