
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने तहसील सिराथू का निरीक्षण किया इस दौरान उन्होंने फरियादियों की सुविधाओं पर विशेष जोर देते हुए उप जिलाधिकारी योगेश कुमार गौड़ को निर्देश दिए कि तहसील परिसर में आने वाले फरियादियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाय। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी न्यायालय में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर बल दिया तथा राजस्व मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने तहसीलदार न्यायालय एवं नायब तहसीलदार न्यायालय का भी निरीक्षण कर लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया।
अभिलेखागार के निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने तथा सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता बनाए रखने के निर्देश दिए। लेखपाल एवं अमीन की सर्विस बुक का अवलोकन करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं। जिलाधिकारी ने 10 लाख रुपये से अधिक के बकायेदारों की सूची एवं राजस्व वसूली की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर तहसीलदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस रजिस्टर, जनशिकायत रजिस्टर एवं तहसील रजिस्टर के निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबर अंकित करने तथा शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ओम प्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।







