गोला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 50 में 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : तहसील गोला के सभागार में उप जिलाधिकारी महोदया की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से राजस्व एवं आपदा विभाग की 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 46 शिकायतों को संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र निस्तारण के निर्देशों सहित प्रेषित किया गया। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 27 प्रार्थना पत्र राजस्व एवं आपदा विभाग से जुड़े रहे। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग की 9, संयुक्त जांच हेतु 5, खाद एवं रसद विभाग की 2, तथा ग्राम विकास, विद्युत एवं बैंक विभाग की एक-एक शिकायत शामिल रही। उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान दिवस में आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button