
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : एन डी कांवेंट स्कूल भरवारी के कक्षा 12 के मेधावी छात्र राम जी जायसवाल ने देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा आईआईटी-जेईई (संयुक्त प्रवेश परीक्षा) में 99.5 परसेंटाइल प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गयी। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि राम जी जायसवाल शुरू से ही पढ़ाई में अत्यंत मेधावी, मेहनती और अनुशासित छात्र रहे हैं। उनकी निरंतर लगन, कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि उन्होंने देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक जेईई में शानदार सफलता प्राप्त की है। संस्थान के चेयरमैन एवं निवर्तमान विधायक संजय कुमार गुप्ता ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इस अवसर पर संस्थान की डायरेक्टर सीमा पंवार ने कहा कि राम जी जायसवाल की उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उनकी मेहनत और समर्पण अन्य छात्रों को भी उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा। छात्र की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।








