राजकीय महाविद्यालय में पेड़ संरक्षण कार्यक्रम, छात्रों ने लिया संरक्षण का संकल्प

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क बांगरमऊ उन्नाव : तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत रसूलपुर रूरी स्थित विशंभर दयाल त्रिपाठी राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को ‘गणतंत्र दिवस सप्ताह’ के अंतर्गत पेड़ संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सांस्कृतिक परिषद, एनसीसी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने परिसर में पूर्व में रोपित पौधों और पेड़ों की देखभाल के लिए श्रमदान किया। विद्यार्थियों ने गुड़ाई, खाद डालने और सिंचाई जैसे कार्य कर पौधों के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्ण कान्त दुबे ने छात्र-छात्राओं को पेड़ संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।

प्राचार्य डॉ. दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि केवल पौधरोपण से ही वृक्षारोपण कार्यक्रम का उद्देश्य पूरा नहीं होता। उन्होंने कहा कि पौधों का संरक्षण और उनका सुरक्षित विकास अधिक महत्वपूर्ण है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कई बार बड़े पैमाने पर पौधरोपण के कार्यक्रम केवल फोटो और सेल्फी तक सीमित रह जाते हैं, जबकि जब युवा इनकी देखभाल में सक्रिय भागीदारी करते हैं तो ऐसे अभियान निश्चित रूप से सफल होते हैं।

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. कुलदीप कुमार शुक्ला एवं डॉ. अरविन्द कुमार ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक, एनसीसी, सांस्कृतिक परिषद व राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button