“अमरोहा जिले की अनीता देवी ने स्वयं सहायता समूह से जुड़कर न केवल खुद को आत्मनिर्भर बनाया बल्कि 4400 महिलाओं को भी सशक्त किया। जानें उनकी सफलता की कहानी।“
लखनऊ/अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सलेमपुर गोसाईं की रहने वाली अनीता देवी आज महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकी हैं। कभी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाली अनीता आज “लखपति दीदी” के रूप में पहचान बना चुकी हैं और उनके नेतृत्व में 4400 महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर नई राह पर आगे बढ़ रही हैं।
आर्थिक तंगी और सीमित संसाधनों के बीच जीवन यापन करने वाली अनीता देवी के लिए हर दिन संघर्ष भरा था। परिवार की जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल होता था, लेकिन समय के साथ उन्होंने अपने हौसले और मेहनत से अपनी किस्मत बदल डाली।
सरकारी योजना से मिली नई दिशा
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद अनीता देवी के जीवन में बड़ा बदलाव आया। स्वयं सहायता समूह से जुड़ने पर उन्हें न केवल आर्थिक सहायता मिली, बल्कि प्रशिक्षण और आत्मविश्वास भी प्राप्त हुआ।
वर्ष 2021 में उन्हें सामुदायिक निवेश निधि के तहत 1.10 लाख रुपये की सहायता मिली। इसके बाद 2023 में 15 हजार रुपये रिवॉल्विंग फंड, 2024 में 3 लाख रुपये सीसीएल और 2025 में 4 लाख रुपये सीसीएल की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। इस सहयोग ने उनके व्यवसाय को मजबूती प्रदान की।
सिलाई से शुरू कर खड़ा किया कारोबार
अनीता ने अपने घर से सिलाई कार्य की शुरुआत की और धीरे-धीरे इसे व्यवसाय का रूप दे दिया। कोरोना काल के दौरान उनके समूह ने मिलकर मास्क और अन्य उत्पाद तैयार किए, जिससे उन्हें अच्छी आय प्राप्त हुई।
आज सलेमपुर गोसाईं में उनके द्वारा 27 स्वयं सहायता समूह संचालित किए जा रहे हैं। दिसंबर 2023 में उन्होंने ‘शक्ति ट्रेडर्स’ के नाम से किराना दुकान भी शुरू की, जिसे उनके पति और बेटा मिलकर संचालित करते हैं।
वर्तमान में अनीता की मासिक आय 40 से 45 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
प्रेरणा बनीं अनीता
आज अनीता देवी न केवल अपने परिवार का सहारा हैं, बल्कि पूरे गांव की महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी बन चुकी हैं। वे अन्य महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती रहती हैं।
अनीता कहती हैं कि समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है और अब उनका परिवार आर्थिक रूप से सशक्त हो चुका है। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन, सरकारी योजनाओं और दृढ़ इच्छाशक्ति से किसी भी महिला का जीवन बदला जा सकता है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।“
लखनऊ से स्टेट हेड संजीव श्रीवास्तव की रिपोर्ट








