
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला गोकर्णनाथ खीरी : ब्लॉक कुंभी गोला के परिषदीय संविलियन विद्यालय कन्या भुसौरिया में “नवारम्भ उत्सव” का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान गोला देहात राजेश गिरि एडवोकेट ने अपने संबोधन में विद्यालय में कराए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्हें शिक्षा के मंदिरों से विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में पुनः जनता का आशीर्वाद मिला तो पंचायत के सभी विद्यालयों का कायाकल्प कर उन्हें और बेहतर बनाया जाएगा। विशिष्ट अतिथि एआरपी विनोद कुमार गौतम ने बालवाटिका शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 3 से 4 वर्ष तक के बच्चों का नामांकन आंगनबाड़ी की बालवाटिका में कराएं। साथ ही उन्होंने बताया कि अब सरकारी विद्यालयों में भी प्री-प्राइमरी स्तर पर 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पढ़ाने के लिए ईसीसीई एजुकेटर की नियुक्ति की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे बच्चों ने गीत, कविता और कहानी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। अंत में अतिथियों एवं अभिभावकों ने क्रियाशील बालवाटिका का भ्रमण किया और वहां की गतिविधियों की सराहना की। विद्यालय के शिक्षकों द्वारा बच्चों को रेत पर उंगली पकड़कर अक्षरारम्भ कराया गया, जो कार्यक्रम का आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों ने भी इस उत्सव का भरपूर आनंद लिया।
प्रधानाध्यापिका पूनम शुक्ला ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हिमानी दीक्षित, कविता सेन, श्रद्धा दीक्षित, रेशू वर्मा, इरम सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सहायिका एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।







