वैभव सूर्यवंशी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, महज 28 गेंदों में जड़ा तूफानी शतक

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी से पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। महज 15 साल की उम्र में इस युवा बल्लेबाज ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने लिस्ट-A क्रिकेट के इतिहास में उनका नाम दर्ज करा दिया। UAE के खिलाफ एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 28 गेंदों में शतक ठोककर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ा

दोहा में खेले जा रहे एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स के 11वें मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने UAE के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और महज 28 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी कर ली।

इस दौरान उनके बल्ले से 14 शानदार छक्के भी निकले। वैभव ने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने लिस्ट-A क्रिकेट में 29 गेंदों पर शतक लगाने का कारनामा किया था। वैभव ने उनसे एक गेंद कम खेलकर नया कीर्तिमान बना दिया।

एबी डिविलियर्स समेत कई दिग्गज पीछे छूटे

वैभव सूर्यवंशी की इस उपलब्धि ने कई दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अब वैभव पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।

लिस्ट-A क्रिकेट के सबसे तेज शतक:

  1. वैभव सूर्यवंशी – 28 गेंद बनाम UAE
  2. जेक फ्रेजर-मैकगर्क – 29 गेंद बनाम तस्मानिया
  3. एबी डिविलियर्स – 31 गेंद बनाम वेस्टइंडीज
  4. साकिबुल गनी – 32 गेंद बनाम अरुणाचल प्रदेश
  5. ईशान किशन – 33 गेंद बनाम कर्नाटक

हरप्रीत भाटिया के शतक से UAE ने बनाए 249 रन

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए UAE की टीम ने भारत-A के सामने 250 रनों का लक्ष्य रखा। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 20 रन के स्कोर पर उसके दो विकेट गिर गए।

इसके बाद भारतीय मूल के बल्लेबाज हरप्रीत सिंह भाटिया ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 144 गेंदों पर 130 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 12 चौके और चार छक्के शामिल थे।

हरप्रीत ने मोहम्मद शाहदाद के साथ तीसरे विकेट के लिए 71 रन और एथन डिसूजा के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। इसके बाद कप्तान बेसिल हमीद के साथ 66 रनों की साझेदारी कर टीम को 249 रन तक पहुंचाया। बेसिल 36 रन बनाकर नाबाद रहे।

अरशद खान ने झटके चार विकेट

भारतीय गेंदबाजों की ओर से अरशद खान ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 43 रन देकर UAE के चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

हालांकि, इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी की रही। इतनी कम उम्र में 28 गेंदों पर शतक लगाकर उन्होंने क्रिकेट जगत को अपनी प्रतिभा का एक और बड़ा नमूना दिखाया है।

Back to top button