कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आगाज आज से, खेल मंत्री मंडाविया बोले- भारत खेलों में नई ताकत बनकर उभर रहा

Commonwealth Games 2026 की शुरुआत आज ग्लास्गो में हो रही है। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भारत के खेल विकास, अहमदाबाद में 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियों और खेल सुधारों को लेकर बड़ा बयान दिया।

ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आगाज गुरुवार 23 जुलाई से स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हो रहा है। इस बहु-खेल प्रतियोगिता के लिए दुनियाभर के खिलाड़ी तैयार हैं। भारत की ओर से केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया भारतीय प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख के तौर पर ग्लासगो पहुंचे हैं। उन्होंने कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स मिनिस्टर्स मीटिंग (CSMM) में हिस्सा लेते हुए भारत के बढ़ते खेल प्रभाव और भविष्य की तैयारियों पर चर्चा की।

भारत के खेल बदलाव को दुनिया के सामने रखा

खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने बैठक में भारत में खेल क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत अब खेलों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश में जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

उन्होंने खेलो इंडिया, फिट इंडिया और ASMITA लीग जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से युवाओं को बेहतर मंच मिल रहा है और खेलों में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ रही है।

2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अहमदाबाद तैयार

मंडाविया ने बैठक में भारत की ओर से 2030 के शताब्दी कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत एक ऐतिहासिक, टिकाऊ और यादगार खेल आयोजन कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने अहमदाबाद में होने वाली तैयारियों को विश्वस्तरीय बताते हुए कहा कि भारत इस आयोजन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

ग्लासगो में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे मंडाविया

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान डॉ. मंडाविया विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही वह अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर भारत की 2036 ओलंपिक मेजबानी की दावेदारी को भी मजबूती देने की कोशिश करेंगे।

भारत ने 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए मेजबानी अधिकार हासिल किए हैं, जिसमें गुजरात का अहमदाबाद मुख्य आयोजन स्थल होगा।

स्कॉटलैंड के प्रधानमंत्री से की मुलाकात

ग्लासगो पहुंचने के बाद खेल मंत्री ने स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री जॉन स्विनी से मुलाकात की। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के आयोजन और 2030 में भारत की मेजबानी को लेकर चर्चा की।

मंडाविया ने सोशल मीडिया पोस्ट में ग्लासगो की मेजबान टीम की तैयारियों और स्वागत की सराहना की।

10 खेलों में दिखेगा दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों का दम

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 10 खेलों को शामिल किया गया है। इसमें कई ओलंपिक और पैरालंपिक पदक विजेताओं के साथ-साथ मौजूदा कॉमनवेल्थ चैंपियन भी हिस्सा लेंगे।

11 दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में दुनिया के शीर्ष खिलाड़ी पदक के लिए मुकाबला करेंगे।

भारत दूसरी बार करेगा कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी

2030 में होने वाला कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन भारत के लिए खास होगा। यह खेलों का 100वां संस्करण होगा। इससे पहले भारत ने वर्ष 2010 में नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की थी।

अहमदाबाद में होने वाले आयोजन को भारत की खेल क्षमता और वैश्विक खेल नेतृत्व के प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button