लखनऊ में रियल एस्टेट कारोबारी ने 11वीं मंजिल से कूदकर दी जान, IPL सट्टे में लाखों हारे

लखनऊ में दर्दनाक घटना, मरने से पहले पत्नी को फोन कर रोया; सुसाइड नोट बरामद

लखनऊ में रियल एस्टेट कारोबारी प्रबल जैन ने 11वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। शुरुआती जांच में IPL सट्टेबाजी में लाखों रुपये हारने की बात सामने आई है। पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। पढ़ें पूरी खबर।

लखनऊ। लखनऊ के कुर्सी रोड स्थित जनेश्वर इन्क्लेव में गुरुवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां आईपीएल सट्टे में लाखों रुपये गंवाने से परेशान रियल एस्टेट कारोबारी ने 11वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना से पूरे परिसर में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट और दो मोबाइल फोन बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान प्रबल जैन के रूप में

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान प्रबल जैन (32) निवासी महमूदाबाद, सीतापुर के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी शिवानी जैन के साथ जनेश्वर इन्क्लेव के फ्लैट डी-1102 में किराये पर रहते थे।

बताया गया है कि शिवानी शहर के एक मॉल में ग्राउंड फ्लोर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। दोनों की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी।

मरने से पहले पत्नी को किया फोन

पुलिस के मुताबिक घटना से पहले प्रबल ने अपनी पत्नी को फोन किया और आत्महत्या करने की बात कही। पत्नी ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वह मानसिक तनाव में था।

रात करीब 8:45 बजे उसने 11वीं मंजिल से छलांग लगा दी। उस समय परिसर में लोग टहल रहे थे और बच्चे खेल रहे थे। तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो वह गंभीर हालत में पड़ा मिला।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को तुरंत ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी भी मौके पर पहुंची और पति की हालत देखकर बेसुध हो गई।

सुसाइड नोट में सट्टे का जिक्र

गुडंबा थाना पुलिस ने फ्लैट की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उसमें आईपीएल सट्टे में भारी नुकसान होने का जिक्र है। फॉरेंसिक टीम ने नोट को सील कर लिया है और दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए हैं।

पढ़ाई के दौरान हुआ था प्रेम

प्रबल जैन और शिवानी की मुलाकात इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी। वहीं दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में उन्होंने विवाह कर लिया।

इन्क्लेव के निवासियों के अनुसार, दोनों पिछले वर्ष दिवाली के समय यहां रहने आए थे और ज्यादा मेलजोल नहीं रखते थे।

परिवार पर पहले भी टूटा था दुख

स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रबल के पिता ने भी कुछ समय पहले आत्महत्या की थी, जबकि उनकी मां का भी निधन हो चुका है। इस घटना के बाद परिवार पर एक और बड़ा दुख टूट पड़ा है।

मदद उपलब्ध है

अगर कोई व्यक्ति तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत परिवार, मित्रों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें। स्थानीय हेल्पलाइन या आपातकालीन सेवाओं से सहायता लेना बेहद जरूरी है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button