
लखनऊ : उत्तर प्रदेश एटीएस ने लखनऊ में एक बड़ी साजिश का खुलासा करते हुए प्रतिबंधित शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब के तीन युवक और एक नाबालिग शामिल है। आरोप है कि ये लोग पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के इशारे पर लखनऊ में पुलिस या सेना के किसी जवान की हत्या करने आए थे। इस काम के लिए उन्हें तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था। एटीएस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल और 20 कारतूस बरामद किए हैं।
पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे आरोपी
एटीएस के मुताबिक, एजेंसी को सूचना मिली थी कि शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े कुछ युवक सेना या पुलिस के किसी प्रतिष्ठान पर हमले की योजना बना रहे हैं। जांच के दौरान गगनदीप सिंह और उसके साथियों के नाम सामने आए। बताया गया कि सभी आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के संपर्क में थे। इसके बाद एटीएस ने 30 अक्टूबर को लखनऊ से चारों को गिरफ्तार कर लिया।

अमृतसर से दिल्ली होते हुए पहुंचे थे लखनऊ
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 27 अक्टूबर को पंजाब के अमृतसर से निकले थे। दिल्ली होते हुए 29 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे लखनऊ पहुंचे। आरोप है कि राना भाई ने उन्हें यात्रा के किराये के लिए 2,585 रुपये भेजे थे। लखनऊ पहुंचने के बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन का वीडियो बनाकर हैंडलर को भेजा था।
हत्या के बाद नेपाल भागने की थी योजना
आरोपियों के मुताबिक, राना भाई ने उन्हें बताया था कि पाकिस्तान से हथियार और कारतूस भेजे गए हैं। लखनऊ में उसके एक साथी ने उन्हें पिस्टल और कारतूस उपलब्ध कराए थे। आरोप है कि किसी पुलिसकर्मी या जवान की हत्या के बाद उसका वीडियो बनाकर भेजने के बदले तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था। वारदात के बाद उन्हें नेपाल जाकर छिपने के लिए कहा गया था।
मोबाइल फोन से मिले रेकी के सबूत
एटीएस की जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से विदेशी नंबरों पर बातचीत, संदिग्ध वीडियो और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की रेकी से जुड़ी जानकारियां मिलने की बात सामने आई है। आरोप है कि आरोपी इन प्रतिष्ठानों की लोकेशन भी पाकिस्तानी हैंडलर को भेज रहे थे।
इस मामले में एटीएस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल एजेंसी आरोपियों के अन्य साथियों, साजिश में शामिल लोगों और पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- गगनदीप सिंह (26), अमृतसर।
- रजत कुमार (19), अमृतसर।
- दिश (21), गुरदासपुर।
- एक बाल अपचारी।







