
अभिनेता और सांसद रवि किशन ने इस बार करवाचौथ का त्योहार खास अंदाज में मनाया। उन्होंने अपनी पत्नी प्रीति शुक्ला के लिए करवाचौथ का व्रत रखा। इस खास मौके पर लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर भव्य आयोजन किया गया, जिसमें दोनों दंपतियों ने साथ मिलकर पूजा-अर्चना की।
सोशल मीडिया पर शेयर कीं तस्वीरें
रवि किशन ने करवाचौथ सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की हैं। तस्वीरों में रवि किशन और उनकी पत्नी प्रीति पूजा करते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में प्रीति अपने पति को तिलक लगाती दिखाई दे रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में वह छलनी से चांद देखती नजर आ रही हैं। इसके बाद रवि किशन ने उन्हें पानी पिलाकर व्रत खुलवाया।
इस दौरान प्रीति शुक्ला गुलाबी रंग के पारंपरिक सूट में नजर आईं, जबकि रवि किशन ऑफ व्हाइट कुर्ता-पायजामा पहने दिखे। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और उनकी पत्नी नम्रता पाठक भी मौजूद रहीं। दोनों परिवारों ने मिलकर पूरे विधि-विधान से करवाचौथ की पूजा की।

रवि किशन ने पत्नी के लिए नहीं किया भोजन
रवि किशन ने तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि लखनऊ में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर आयोजित करवाचौथ पूजा में शामिल होकर उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। साथ ही सभी के सुख, सौभाग्य, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की।
उन्होंने करवाचौथ को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा पवित्र पर्व बताते हुए कहा कि यह त्योहार प्रेम, विश्वास और समर्पण के साथ वैवाहिक रिश्ते को मजबूत बनाता है।
रवि किशन ने अपनी पत्नी के लिए दिनभर व्रत भी रखा। इस बारे में उन्होंने बताया कि उन्होंने पूरे दिन भोजन नहीं किया, हालांकि उन्होंने पानी और कॉफी पी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका व्रत निर्जला नहीं था।







