बंगाल SIR पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा निर्देश, हटाए गए नामों पर पहले सुनवाई

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिया है। अदालत ने चुनाव आयोग से कहा है कि वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों के खिलाफ दाखिल अपीलों पर प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई की जाए। वहीं, मतदाता सूची में नए नाम शामिल किए जाने के विरोध में दाखिल अपीलों की सुनवाई फिलहाल टालने को कहा गया है।

हटाए गए नामों की अपीलों को मिलेगी प्राथमिकता

सुप्रीम कोर्ट ने विशेष रूप से कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के उन मतदाताओं की अपीलों पर पहले सुनवाई करने का निर्देश दिया है, जिनके नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। इसकी वजह कोलकाता में होने वाले आगामी नगर निगम चुनाव हैं। अदालत के निर्देश से प्रभावित मतदाताओं को अपनी बात रखने का अवसर मिल सकेगा।

अपीलीय ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाने का निर्देश

अदालत ने चुनाव आयोग को कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से सलाह लेकर अपीलीय ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाने को कहा है। इसका उद्देश्य लंबित मामलों का जल्द निपटारा करना है।

इसके अलावा, कोलकाता के अलग-अलग इलाकों में ट्रिब्यूनल के लिए उपयुक्त स्थान तलाशने का भी निर्देश दिया गया है। इससे मतदाताओं को सुनवाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी नहीं होगी और अपीलों की प्रक्रिया तेज हो सकेगी।

चुनाव आयोग ने की थी अतिरिक्त ट्रिब्यूनल की मांग

इससे पहले चुनाव आयोग ने अदालत में हलफनामा दाखिल कर प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र के लिए एक अपीलीय ट्रिब्यूनल गठित करने की मांग की थी। आयोग का कहना था कि SIR से संबंधित बड़ी संख्या में अपीलें लंबित हैं। ऐसे में मामलों के समय पर निपटारे के लिए अतिरिक्त ट्रिब्यूनल की जरूरत है।

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटाए गए थे 58 लाख नाम

पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया के दौरान जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची से करीब 58 लाख नाम हटाए गए थे। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इनमें लगभग 24 लाख नाम मृत मतदाताओं के, 19 लाख स्थानांतरित, 12 लाख लापता और करीब 1.3 लाख डुप्लीकेट श्रेणी में रखे गए थे।

इसके अलावा, लगभग 19.93 लाख मतदाताओं के पते बदलने और एक से अधिक स्थानों की मतदाता सूची में नाम होने से जुड़े मामले भी सामने आए थे। करीब 1.37 लाख मतदाताओं को फर्जी श्रेणी में चिह्नित किए जाने की जानकारी दी गई थी।

सुप्रीम कोर्ट के ताजा निर्देश के बाद अब मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ दाखिल अपीलों के निपटारे की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

Back to top button