
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर सहमति बनती नजर नहीं आ रही है। इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि गठबंधन का मकसद चुनाव जीतना होता है और इसके लिए दोनों पार्टियों को आपसी तालमेल के साथ समझौता भी करना पड़ता है।
सीटों की संख्या पर अखिलेश ने क्या कहा?
अखिलेश यादव ने सीट शेयरिंग को लेकर कहा कि फिलहाल दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही है। अभी यह कहना मुश्किल है कि किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि गठबंधन चुनाव जीतने के लिए किया जाता है। ऐसे में जीत हासिल करने के लिए सभी सहयोगी दलों को कुछ न कुछ एडजस्टमेंट करना पड़ता है। उनके इस बयान को कांग्रेस के लिए अहम राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।
26 सीटों के ऑफर पर दोनों दलों में खींचतान
दिल्ली में सपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर बैठक हुई। चर्चा है कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। इस प्रस्ताव में कांग्रेस की वे दो सीटें भी शामिल बताई जा रही हैं, जहां पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा चार ऐसी सीटें भी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी।
सपा सांसद राम गोपाल यादव का कहना है कि प्रस्तावित सीटों में कुछ ऐसी भी हैं, जहां पिछले चुनाव में कांग्रेस के मुकाबले सपा को ज्यादा वोट मिले थे। इसके बावजूद पार्टी ने कांग्रेस के लिए सीटें छोड़ी हैं।
कांग्रेस 126 से ज्यादा सीटों पर कर रही दावा
दूसरी तरफ कांग्रेस 26 सीटों के प्रस्ताव से सहमत नहीं बताई जा रही है। पार्टी की ओर से 126 से अधिक सीटों की मांग किए जाने की चर्चा है।
कांग्रेस ने अपनी मांग वाली सीटों को दो श्रेणियों में बांटा है। इनमें 46 सीटें A कैटेगरी और 21 सीटें B कैटेगरी में रखी गई हैं। पार्टी इन 67 सीटों पर समझौता करने के पक्ष में नहीं है, जबकि बाकी सीटों पर बातचीत के लिए गुंजाइश रखी गई है।
इससे पहले भी कांग्रेस की ओर से करीब 120 सीटों की सूची सपा को सौंपे जाने की खबर सामने आई थी। इसमें रायबरेली और अमेठी की सभी विधानसभा सीटों पर दावा किए जाने की बात कही गई थी।
अखिलेश ने चार नेताओं को सौंपी है जिम्मेदारी
सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत आगे बढ़ाने के लिए अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के चार नेताओं की टीम बनाई है। इसमें राम गोपाल यादव, इकरा हसन, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और सांसद राजीव राय शामिल हैं।
अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जिस विधानसभा सीट पर जिस पार्टी के उम्मीदवार की जीतने की संभावना ज्यादा होगी, वहां उसी दल को प्राथमिकता दी जाएगी।
उम्मीदवारों के चयन में डेटा का भी सहारा
समाजवादी पार्टी इस बार उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी अलग रणनीति अपना रही है। पार्टी जिताऊ प्रत्याशियों की पहचान करने के लिए डेटा विश्लेषकों की मदद ले रही है। इसके जरिए अलग-अलग सीटों पर चुनावी स्थिति और संभावित उम्मीदवारों की मजबूती का आकलन किया जा रहा है।
फिलहाल सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर बातचीत जारी है। दोनों दलों के सामने ऐसा फॉर्मूला तैयार करने की चुनौती है, जिससे गठबंधन के भीतर सहमति भी बने और चुनावी तैयारियों पर भी असर न पड़े।








