
कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने बेरोजगार युवाओं के लिए मासिक आर्थिक सहायता योजना शुरू करने का ऐलान किया है। ‘भोरशा कर्मसूची’ के तहत राज्य के बेरोजगार स्नातकों और सरकारी व्यावसायिक संस्थानों व ITI से डिप्लोमा प्राप्त युवाओं को हर महीने 2,000 रुपये दिए जाएंगे। यह योजना जनवरी से लागू करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है।
गैर-स्नातकों को मिलेंगे 1,500 रुपये
सरकार की इस योजना के तहत केवल स्नातक ही नहीं, बल्कि बेरोजगार गैर-स्नातक युवाओं को भी आर्थिक मदद मिलेगी। उन्हें हर महीने 1,500 रुपये दिए जाएंगे। सरकार ने भविष्य में इस सहायता राशि को बढ़ाने का भी ऐलान किया है। वित्त वर्ष 2028-29 से स्नातकों को 3,000 रुपये और गैर-स्नातकों को 2,000 रुपये प्रतिमाह देने की योजना है।
बेरोजगारी भत्ते के लिए क्या होनी चाहिए योग्यता?
योजना का लाभ लेने के लिए युवाओं को कुछ निर्धारित शर्तें पूरी करनी होंगी।
- आवेदक पश्चिम बंगाल का निवासी होना चाहिए।
- आवेदक की उम्र 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- बेरोजगार स्नातक युवा आवेदन कर सकते हैं।
- सरकारी व्यावसायिक संस्थानों और ITI से डिप्लोमा प्राप्त बेरोजगार युवा भी पात्र होंगे।
- गैर-स्नातक बेरोजगार युवाओं को 1,500 रुपये मासिक सहायता मिलेगी।
बैंक खाते में आएगी सहायता राशि
सरकार के मुताबिक, योजना के तहत मिलने वाला पैसा हर महीने दूसरे सप्ताह में सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजा जाएगा। फरवरी में एक कार्यक्रम आयोजित कर योजना को औपचारिक रूप से लॉन्च करने की तैयारी है।
परिवार के अधिकतम दो लोगों को मिलेगा लाभ
इस योजना में एक परिवार से अधिकतम दो सदस्य ही लाभ उठा सकेंगे। वहीं, जो लोग ‘अन्नपूर्णा योजना’ के तहत हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त कर रहे हैं, वे इस योजना के पात्र नहीं होंगे।
31 दिसंबर तक होगा लाभार्थियों का सत्यापन
सरकार पहले से चल रही योजना के करीब 54 लाख लाभार्थियों के दस्तावेजों और पात्रता का सत्यापन 31 दिसंबर तक पूरा करेगी। जिन युवाओं ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे ‘अपना सरकार अपना पाशे’ कार्यक्रम के माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन युवा कल्याण विभाग को भेजे जाएंगे।
सरकार का कहना है कि नई योजना के जरिए बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता देकर उन्हें राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।







