
कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में मां की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोप है कि बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रची थी। मां इस प्रेम संबंध के खिलाफ थी और बेटी की शादी प्रेमी से कराने के लिए तैयार नहीं थी। इसी नाराजगी में प्रेमी ने घर में घुसकर ईंट से सिर पर वार कर महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
घर में अकेली थी महिला, तभी हुआ हमला
मामला कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव का है। यहां 55 वर्षीय राजमती की शुक्रवार रात हत्या कर दी गई थी। घटना के समय उनके पति गिरधारी लाल सरोज अपनी चारों बेटियों और दामाद के साथ भरवारी में दशहरा मेला देखने गए हुए थे। घर पर राजमती अकेली थीं। इसी दौरान आरोपी दिलीप घर पहुंचा और ईंट से उनके सिर पर कई वार कर दिए। रात करीब 10 बजे जब परिवार के लोग वापस लौटे तो आंगन में महिला का खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
प्रेम संबंध का विरोध बनी हत्या की वजह
पुलिस की जांच में सामने आया कि राजमती की छोटी बेटी का प्रेम प्रसंग उसकी बड़ी बहन के देवर दिलीप से चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन महिला इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थी। आरोप है कि इसी विरोध से नाराज होकर बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या की योजना बनाई।
फोन पर प्रेमी को देती रही जानकारी
पुलिस के मुताबिक, वारदात से पहले बेटी फोन के जरिए प्रेमी को परिवार के सदस्यों की लोकेशन बताती रही। हत्या के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था। मामले की जांच में फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों की भूमिका सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।









