CM-एक्टर विजय से नहीं होगा तलाक! पत्नी संगीता ने वापस ली अर्जी, कोर्ट ने किया मामले का निपटारा

तमिलनाडु के CM-एक्टर विजय की पत्नी संगीता ने चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट से तलाक की अर्जी वापस ले ली है। कोर्ट ने याचिका स्वीकार कर मामले का निपटारा कर दिया।

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता सी. जोसेफ विजय की शादीशुदा जिंदगी को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल थमता नजर आ रहा है। उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम ने चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर तलाक की याचिका वापस ले ली है। शुक्रवार, 7 अगस्त को सुनवाई के दौरान संगीता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश हुईं और अपनी याचिका आगे नहीं बढ़ाने की इच्छा जताई।

संगीता के वकील ने अदालत में याचिका वापस लेने का अनुरोध किया। कोर्ट ने उनकी बात रिकॉर्ड की। विजय की ओर से पेश वकील ने भी याचिका वापस लेने पर कोई आपत्ति नहीं जताई। इसके बाद अदालत ने याचिका स्वीकार करते हुए मामले का निपटारा कर दिया।

जरूरत पड़ने पर दोबारा याचिका दाखिल करने की छूट

अदालत ने संगीता को भविष्य में जरूरत पड़ने पर दोबारा तलाक की याचिका दाखिल करने की अनुमति भी दी है। फिलहाल याचिका वापस लिए जाने के बाद विजय और संगीता के बीच तलाक की कानूनी कार्यवाही समाप्त हो गई है।

तलाक की अर्जी में लगाए थे गंभीर आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संगीता ने अपनी तलाक याचिका में विजय पर एक महिला अभिनेत्री के साथ एक्स्ट्रा-मैरिटल रिलेशनशिप का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें इस कथित रिश्ते के बारे में 2021 में जानकारी मिली।

याचिका में संगीता ने मानसिक क्रूरता, उपेक्षा और परित्याग जैसे आरोप भी लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि 2021 से उनके साथ कथित तौर पर ऐसा व्यवहार किया गया, जिसके कारण उन्हें वैवाहिक घर में रहते हुए भी अलग-थलग महसूस करना पड़ा।

संगीता ने अपनी याचिका में यह भी कहा था कि उनका वैवाहिक संबंध पूरी तरह टूट चुका है। उन्होंने स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत तलाक की मांग की थी।

1998 में हुई थी शादी

संगीता सोरनालिंगम और विजय की शादी 10 जुलाई 1998 को यूनाइटेड किंगडम में रजिस्टर्ड हुई थी। इसके बाद 25 अगस्त 1999 को चेन्नई में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह समारोह हुआ था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, संगीता मूल रूप से श्रीलंकाई तमिल परिवार से ताल्लुक रखती हैं और यूके में रहती थीं। वह विजय की प्रशंसक थीं और उनकी फिल्म ‘पूवे उनाकगा’ से प्रभावित होकर उनसे मिलने चेन्नई पहुंची थीं।

विजय के परिवार को पसंद आई थीं संगीता

बताया जाता है कि मुलाकात के बाद विजय ने संगीता को अपने परिवार से मिलवाया। विजय के माता-पिता एसए चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर को भी संगीता पसंद आईं। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत आगे बढ़ी और शादी हुई।

फिलहाल तलाक की याचिका वापस लिए जाने के बाद इस मामले में अदालत की कार्यवाही समाप्त हो गई है। हालांकि, अदालत ने भविष्य में जरूरत पड़ने पर संगीता को फिर से कानूनी रास्ता अपनाने की अनुमति दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button