कस्ता गैस एजेंसी पर दिव्यांग से मारपीट का आरोप, वीडियो बनाने वाले को भी धमकाया

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : तहसील मितौली के कस्ता क्षेत्र में स्थित एक गैस एजेंसी पर दिव्यांग व्यक्ति के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गैस सिलेंडर लेने पहुंचे एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ एजेंसी संचालक द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई और उसे अपशब्द कहे गए। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उसकी गैस बुकिंग पासबुक भी फाड़ दी गई।

घटना के दौरान मौजूद एक अन्य व्यक्ति द्वारा जब पूरे मामले का वीडियो बनाया जाने लगा, तो आरोप है कि एजेंसी संचालक ने उसे भी गालियां दीं और उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। किसी तरह वह व्यक्ति मौके से निकलकर सुरक्षित बच गया। बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

घटना के बाद स्थानीय गैस उपभोक्ताओं में नाराजगी का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित को न्याय के साथ उचित मुआवजा भी दिया जाए।

इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button