
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला गोकर्णनाथ खीरी : महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शनिवार को थाना गोला की महिला शक्ति टीम द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी गोला के मार्गदर्शन एवं प्रभारी निरीक्षक गोला के नेतृत्व में महिला शक्ति टीम ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं व छात्राओं से संवाद स्थापित किया। टीम ने उन्हें मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों, महिला सशक्तिकरण, साइबर सुरक्षा तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को समाज में होने वाले अपराधों से बचाव के तरीके समझाए और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। साथ ही गरिमा के विरुद्ध होने वाले अपराधों एवं उनसे संबंधित प्रमुख कानूनों की जानकारी भी दी गई अभियान के अंतर्गत विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त महिला हिंसा एवं अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।









