“किसान मुआवजा 24 घंटे योगी आदेश के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने असमय बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को तुरंत राहत देने के निर्देश दिए। पढ़ें पूरी खबर।“
लखनऊ। असमय वर्षा, ओलावृष्टि और आगजनी की घटनाओं से रबी फसलों को हुए भारी नुकसान पर योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रभावित किसानों को 24 घंटे के भीतर राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
बुधवार सुबह आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में किसान का चिंतित होना स्वाभाविक है और सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने प्रत्येक प्रभावित किसान और बटाईदार के नुकसान का सटीक, निष्पक्ष और समयबद्ध आकलन कर तत्काल क्षतिपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद स्तर पर राजस्व, कृषि और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शीघ्र सर्वे कराया जाए और रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि राहत वितरण में किसी प्रकार की देरी न हो।
बीमा कंपनियों के साथ तालमेल पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि फसल बीमा दावों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारी स्वयं किसानों से संपर्क कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाएं, जिससे अधिकतम लोगों तक राहत पहुंच सके।
राज्य आपदा राहत कोष से सभी जिलों को तत्काल धनराशि जारी करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी पारदर्शी तरीके से सहायता वितरण सुनिश्चित करें। जहां आवश्यकता हो, वहां राहत शिविर स्थापित किए जाएं और मंडी समितियों के माध्यम से भी किसानों को सहयोग दिया जाए।
अग्निकांड की घटनाओं पर विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जनहानि या पशुहानि की स्थिति में 24 घंटे के भीतर राहत राशि दी जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत शीघ्र लाभान्वित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आवास योजना के अंतर्गत घर उपलब्ध कराए जाएं।
अंत में उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित किसान और कृषक परिवार के साथ पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।“
लखनऊ से स्टेट हेड संजीव श्रीवास्तव की रिपोर्ट









