
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी फिल्मों के अलावा अपने मजाकिया अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। इन दिनों वह क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की मेजबानी कर रहे हैं। शो के दौरान बिग बी ने अपनी पत्नी जया बच्चन को लेकर एक ऐसा मजेदार खुलासा किया, जिसे सुनकर दर्शक भी हंस पड़े। अमिताभ ने बताया कि इतने बड़े बंगले में रहने के बावजूद उनके पास अपना कहने के लिए सिर्फ एक छोटा सा कमरा है, जबकि घर के बाकी कमरों पर जया बच्चन का कब्जा है।
KBC में बिग बी ने खोला घर का राज
दरअसल, शो के एक एपिसोड में दीपक नाम के कंटेस्टेंट पहुंचे थे, जो पेशे से म्यूरल आर्टिस्ट हैं। वह दीवारों पर खूबसूरत कलाकृतियां बनाने का काम करते हैं। उनसे बातचीत के दौरान अमिताभ उनकी कला से काफी प्रभावित नजर आए। बिग बी ने भी अपने घर की दीवारों पर इस तरह की कलाकारी करवाने की इच्छा जाहिर की।
इसी बातचीत में उन्होंने जया बच्चन के शौक का जिक्र करते हुए बताया कि उन्हें घर की दीवारों को पेंटिंग और कलाकृतियों से सजाना बेहद पसंद है।
बोले- पति के लिए बस एक छोटा कमरा
अमिताभ बच्चन ने हंसते हुए कहा कि वह अपने कमरे की दीवारों को सजाने की बात इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि घर में पति के हिस्से में सिर्फ एक छोटा सा कमरा आता है। उन्होंने बताया कि बाकी कमरों का इस्तेमाल जया करती हैं। उनके पास खाने के लिए अलग कमरा है, बैठने के लिए अलग जगह है और भी कई कमरे हैं।
बिग बी ने यह भी बताया कि उनके घर की बाहरी चारों दीवारों पर जया ने खूबसूरत वारली पेंटिंग बनवाई हैं। उनकी इस बात ने शो में मौजूद लोगों को खूब हंसाया।
1973 में शादी के बंधन में बंधे थे अमिताभ-जया
अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की प्रेम कहानी फिल्मी दुनिया में साथ काम करने के दौरान शुरू हुई थी। फिल्म ‘जंजीर’ के समय दोनों का रिश्ता और गहरा हो गया। इसके बाद 3 जून 1973 को दोनों ने एक निजी समारोह में शादी कर ली। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं। बेटी श्वेता बच्चन का जन्म 1974 में और बेटे अभिषेक बच्चन का जन्म 1976 में हुआ था।
परिवार के लिए जया ने कम किया फिल्मों में काम
जया बच्चन अपने दौर की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल रही हैं। उन्होंने ‘गुड्डी’, ‘अभिमान’, ‘चुपके चुपके’, ‘मिली’ और ‘सिलसिला’ जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। हालांकि, परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों के चलते उन्होंने फिल्मों में काम करना काफी कम कर दिया था।
साल 1981 में फिल्म ‘सिलसिला’ के बाद उन्होंने लंबे समय तक बड़े पर्दे से दूरी बनाए रखी। करीब 17 साल बाद 1998 में फिल्म ‘हजार चौरासी की मां’ से उन्होंने वापसी की। आज भी अमिताभ और जया की जोड़ी अपनी लंबी शादीशुदा जिंदगी और फिल्मी सफर को लेकर चर्चा में रहती है।







