“Noida Protest Workers Violence: नोएडा में मजदूरों का प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी। सेक्टर 121 और फेज-2 में पत्थरबाजी, पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति संभाली।“
नोएडा। नोएडा में मजदूरों का वेतन वृद्धि को लेकर प्रदर्शन लगातार पांचवें दिन भी जारी है। मंगलवार को स्थिति उस समय बिगड़ गई जब सेक्टर 121 और नोएडा फेज-2 में प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज किया और उपद्रवियों को खदेड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसके बावजूद कुछ अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस ने प्रभावित इलाकों को खाली कराया और संदिग्ध लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेना शुरू कर दिया है।
सेक्टर 121 में हालात तनावपूर्ण
सेक्टर 121 में पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने गलियों में उतरकर कार्रवाई की। उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस की सख्ती के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
फेज-2 और औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ी निगरानी
नोएडा फेज-2 में भी प्रदर्शनकारियों ने दोबारा एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और पत्थरबाजी की। इसके बाद भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कई औद्योगिक इकाइयों के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सेक्टर-63 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक कंपनी प्रबंधन ने एहतियातन दो दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं, फेज-2 स्थित Motherson Group के बाहर भी पुलिस बल तैनात किया गया है, जहां पहले प्रदर्शन उग्र हुआ था।
सुरक्षाकर्मी और सफाईकर्मी भी उतरे सड़क पर
सेक्टर-74 की केपटाउन सोसायटी के सामने सुरक्षाकर्मियों और सफाईकर्मियों ने भी प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क जाम करने की कोशिश की और आरोप लगाया कि 12 घंटे काम करने के बावजूद उन्हें पर्याप्त वेतन नहीं मिल रहा है।
मांग और पृष्ठभूमि:
मजदूरों का कहना है कि मौजूदा वेतन में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है, इसलिए वेतन वृद्धि जरूरी है। लगातार कई दिनों से चल रहे इस आंदोलन ने अब उग्र रूप ले लिया है, जिससे प्रशासन के लिए चुनौती बढ़ गई है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।“
लखनऊ से स्टेट हेड संजीव श्रीवास्तव की रिपोर्ट







