नाम और धर्म पूछा, फिर कलमा पढ़ने को कहा… मीरा रोड में गार्डों पर चाकू से हमला, ATS जांच में जुटी

आरोपी के घर से ISIS में शामिल होने की इच्छा जताने वाले नोट मिलने का दावा, संभावित ‘लोन वुल्फ’ एंगल पर जांच

मुंबई के मीरा रोड इलाके में सुरक्षा गार्डों पर नाम और धर्म पूछकर चाकू से हमला करने के मामले में ATS जांच शुरू। आरोपी के घर से ISIS से जुड़े नोट मिलने की जानकारी। पढ़ें पूरी खबर।

मुंबई। मुंबई के मीरा रोड स्थित नया नगर इलाके में दो सुरक्षा गार्डों पर चाकू से हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अब एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) को सौंप दी गई है। शुरुआती जांच में इसे संभावित ‘लोन वुल्फ’ हमले के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस ने आरोपी जैब जुबेर अंसारी (31) को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है, जब मीरा रोड के वोकहार्ट अस्पताल के पीछे स्थित एक निर्माणाधीन इमारत पर दो सुरक्षा गार्ड ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और पहले गार्डों से बातचीत शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने पहले उनका नाम और धर्म पूछा, फिर कथित तौर पर कलमा पढ़ने के लिए कहा। विरोध करने पर उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में सुरक्षा गार्ड राजकुमार मिश्रा और सुब्रोतो रमेश सेन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।

पुलिस ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब डेढ़ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली तो वहां से कुछ हाथ से लिखे नोट बरामद होने की बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक इन नोट्स में आरोपी ने ISIS जैसे आतंकी संगठन में शामिल होने की इच्छा जताई थी।

जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी मुंबई के कुर्ला इलाके का रहने वाला है और साइंस ग्रेजुएट है। वह वर्ष 2010 से 2019 तक अमेरिका में रहा था। भारत लौटने के बाद वह मीरा रोड में अकेले रह रहा था और ऑनलाइन केमिस्ट्री कोचिंग देता था।

एजेंसियों को शक है कि आरोपी इंटरनेट के माध्यम से कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित हुआ हो सकता है। अब उसका मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त कर फोरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी आतंकी नेटवर्क या विदेशी हैंडलर के संपर्क में था या नहीं।

फिलहाल नयानगर पुलिस और ठाणे ATS की संयुक्त टीम मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button